Edited By Kuldeep, Updated: 26 Aug, 2026 09:10 PM

उत्तर भारत की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में शामिल श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए बुधवार से हैलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई।
भरमौर (उत्तम): उत्तर भारत की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में शामिल श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए बुधवार से हैलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई। डीजीसीए से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद सुबह करीब 6 बजे से हैलीकॉप्टर ने उड़ानें शुरू कीं, जो शाम तक लगातार जारी रहीं। भरमौर हैलीपैड से गौरीकुंड तक पहले दिन दोनों हैलीकॉप्टरों में सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने हैलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाकर मणिमहेश धाम के दर्शन किए। हैलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। मौसम के साफ रहने के चलते प्रशासन को उम्मीद है कि रक्षाबंधन के बाद मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ेगी। मौसम अनुकूल रहने पर हैली सेवा के माध्यम से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं को यात्रा सुविधा उपलब्ध होने की संभावना है।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हैलीकॉप्टर सेवा के टिकट की बुकिंग केवल श्री मणिमहेश यात्रा की आधिकारिक वैबसाइट के माध्यम से ही करें। प्रशासन ने अनधिकृत माध्यमों और फर्जी टिकट बुकिंग से सावधान रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि टिकट बुक करने से पहले यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश और उपलब्ध जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए केवल अधिकृत माध्यम का ही इस्तेमाल करें।
होली से नहीं हुई कोई उड़ान
मणिमहेश यात्रा के लिए होली से अभी कोई भी उड़ान नहीं हुई। वहीं अभी तक श्री मणिमहेश यात्रा पर आने वाले यात्रियों में भी उत्साह नहीं दिखा है। पिछले वर्ष की अपेक्षा बहुत कम श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मौसम खुला रहने से रक्षाबंधन के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।