Kangra: बीड़ में भीषण अग्निकांड, 4 मकान आग की चपेट में, लाखों का नुक्सान

Edited By Kuldeep, Updated: 24 Jun, 2026 05:14 PM

baijnath fire incident

उपमंडल बैजनाथ के बीड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुए भीषण अग्निकांड में 4 मकान आग की चपेट में आ गए।

बैजनाथ (सुरिन्द्र): उपमंडल बैजनाथ के बीड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुए भीषण अग्निकांड में 4 मकान आग की चपेट में आ गए। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि 2 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि अन्य मकानों को भी नुक्सान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किराए पर दिए गए मकानों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। मकान मालिक कर्नल जोतिन्दर पॉल और कुलविंदर पॉल ने बताया कि आग लगने के बाद आसपास के 5 अन्य मकानों को भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बीड़ पुलिस चौकी के एसआई दिलीप सकलानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान एचएचसी रविंद्र बक्शी, अर्जुन निर्मल कटौच, विराज, योगराज तथा पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग बैजनाथ, जोगिंद्रनगर और पालमपुर की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निकांड से प्रभावित परिवारों में सुदर्शना देवी पत्नी भरत कुमार, जीविका पत्नी आदित्य, गुड्डू देवी तथा अश्वनी पॉल शामिल हैं। इनमें से 2 परिवारों को भारी नुक्सान हुआ है। सुदर्शना देवी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही कमेटी से 50 हजार रुपए की नकदी निकाली थी, जो आग में जल गई। इसके अलावा सोने के आभूषण, घरेलू सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए।

घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुक्सान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा बीड़ क्षेत्र में स्थायी अग्निशामक केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!