Edited By Vijay, Updated: 26 Jul, 2026 04:11 PM

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में आस्था, विश्वास और चमत्कार का एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। यहां एक 5 वर्षीय बच्चे को बोलने की शक्ति मिलने पर उसके परिवार ने बाबा बालक नाथ के चरणों में शीश नवाया और मन्नत के...
शाहतलाई (हिमल): हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में आस्था, विश्वास और चमत्कार का एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। यहां एक 5 वर्षीय बच्चे को बोलने की शक्ति मिलने पर उसके परिवार ने बाबा बालक नाथ के चरणों में शीश नवाया और मन्नत के अनुसार चांदी की जीभ अर्पित की। इस दौरान 5 साल के रियांश ने जब अपनी तोतली लेकिन स्पष्ट आवाज में जोर-जोर से 'जय बाबे दी' के नारे लगाए, तो मंदिर में मौजूद हर भक्त भाव-विभोर हो उठा।
4 माह पूर्व चैत्र मेलों के दौरान मांगी थी मन्नत
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पंचकूला (सैक्टर-24) निवासी अनिल कुमार सूद का 5 वर्षीय पुत्र रियांश जन्म के बाद से ही बोल नहीं पाता था। परिवार ने कई जगह इलाज करवाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगभग 4 माह पूर्व चैत्र मास के मेलों के दौरान अनिल कुमार सूद अपने परिवार और बेटे रियांश को लेकर शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर आए थे। उस समय परिवार ने सच्चे मन से बाबा बालक नाथ के चरणों में यह मन्नत मांगी थी कि यदि उनका बेटा बोलने लगेगा, तो वे बाबा जी को चांदी की जीभ अर्पित करेंगे। उस दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी सरवन शर्मा ने भी बच्चे के स्वस्थ होने और उसके सामान्य रूप से बोलने के लिए बाबा बालक नाथ के समक्ष विशेष अरदास लगाई थी।
10 दिन पहले अचानक गूंजी बच्चे की आवाज
परिवार के अनुसार उनकी आस्था तब हकीकत में बदल गई जब करीब 10 दिन पूर्व रियांश ने अचानक बोलना शुरू कर दिया। जिस बेटे की आवाज सुनने के लिए माता-पिता तरस रहे थे, उसके मुख से पहली बार स्पष्ट शब्द सुनकर परिवार की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। इसे सीधे तौर पर बाबा बालक नाथ की असीम कृपा और चमत्कार मानते हुए अनिल कुमार सूद का पूरा परिवार शनिवार को दोबारा शाहतलाई पहुंचा। यहां परिवार ने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की और अपनी मन्नत पूरी करते हुए बाबा जी के चरणों में चांदी की जीभ भेंट स्वरूप चढ़ाई। इस घटना ने एक बार फिर श्रद्धालुओं के मन में बाबा बालक नाथ के प्रति अगाध श्रद्धा को और मजबूत कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें