Edited By Vijay, Updated: 11 Nov, 2026 02:12 PM

बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले घुमारवीं उपमंडल में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब बस अड्डे के ठीक बाहर एक सड़क हादसा पेश आया। बस स्टैंड के बाहर हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत...
घुमारवीं (राकेश): बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले घुमारवीं उपमंडल में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब बस अड्डे के ठीक बाहर एक सड़क हादसा पेश आया। बस स्टैंड के बाहर हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जंगलबेरी-शिमला रूट पर चलने वाली पथ परिवहन निगम की बस घुमारवीं बस अड्डे के बाहर से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति बस की चपेट में आकर उसके नीचे आ गया। यह हादसा इतना आकस्मिक और गंभीर था कि उक्त व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों हुजूम उमड़ पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान पंकज (34) पुत्र जय सिंह निवासी गांव हारकुकार व तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है।
उधर, एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि घुमारवीं बस स्टैंड के पास हुए सड़क हादसे में पंकज पुत्र जय सिंह निवासी हारकुकार की मौत हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में शामिल एचआरटीसी बस और उसके चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें