‌Bilaspur News: पुलिस को देख कबाड़ से लदे वाहन को लेकर भागा ड्राइवर, 6600 नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 07 Jul, 2026 05:30 PM

6600 narcotic capsules seized

नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहतलाई में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ से लदे एक वाहन से 6,600 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं।

शाहतलाई (हिमल): नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहतलाई में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ से लदे एक वाहन से 6,600 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद खेप की बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शाहतलाई पुलिस सरहयाली खड्ड पुल के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बड़सर की ओर से आ रहे वाहन (एचपी 67-8141) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने की बजाय उसकी गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने कुछ ही दूरी पर वाहन को रोक लिया। वाहन पर संदेह होने पर घुमारवीं के ड्रग इंस्पैक्टर दिनेश गौतम को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस थाना तलाई और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कबाड़, गत्ते की पेटियों और खाली प्लास्टिक की बोतलों के नीचे छिपाकर रखी गई एक बंद गत्ते की पेटी बरामद हुई। पेटी खोलने पर उसमें परैगाकैफ-300 नामक प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के 33 बॉक्स मिले।

जांच के दाैरान प्रत्येक बॉक्स में 20 स्ट्रिप तथा प्रत्येक स्ट्रिप में 10 कैप्सूल थे। इस प्रकार कुल 6,600 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित कबाड़ के सामान की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि ड्रग इंस्पैक्टर दिनेश गौतम पिछले काफी समय से प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। उनकी अगुवाई में अब तक कई मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

घुमारवीं के ड्रग इंस्पैक्टर दिनेश गौतम ने बताया कि सरहयाली खड्ड पुल पर कबाड़ से लदे वाहन से 33 बॉक्स प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक है। उन्होंने बताया कि वाहन को भी कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस अथवा स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!