Himachal: पुलिस ने 2 मामलों में पकड़ा 22.81 ग्राम चिट्टा, पति-पत्नी सहित 4 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 16 May, 2026 01:00 PM

4 accused including husband wife arrested with heroin

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने बड़ी कार्रवाई की है।

सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईयू टीम ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर दो अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर नशे की खेप पकड़ी है। इन दोनों मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से कुल 22.81 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में चंडीगढ़ का एक दंपति भी शामिल है।

शमलेच में टाटा टियागो कार से 12.43 ग्राम चिट्टा बरामद
जानकारी के अनुसार पहला मामला थाना सदर सोलन के अंतर्गत सामने आया। एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि परवाणू-धर्मपुर की ओर से आ रही एक टाटा टियागो गाड़ी में नशा लाया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत शमलेच के समीप नाकाबंदी कर दी। जब उक्त गाड़ी को चैकिंग के लिए रोका गया, तो उसमें सवार एक युवक और युवती के कब्जे से 12.43 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर टाटा टियागो गाड़ी को जब्त कर लिया है और सदर थाने में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान रवि कुमार (45) पुत्र स्वर्गीय राम प्रकाश निवासी रबोन, तहसील व जिला सोलन और साक्षी शर्मा (24) पुत्री दीप राम निवासी गांव सिधोटी, डाकघर पनोग, तहसील शिलाई व जिला सिरमौर के रूप में की गई है।

पट्टा मोड़ में बाइक सवार दंपति से 10.38 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना धर्मपुर के अधिकार क्षेत्र में की गई। यहां एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पट्टा मोड़ (कुमारहट्टी) के समीप नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आ रहे एक पुरुष व एक महिला की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 10.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान जतिंदर (28) पुत्र मुन्ना लाल, निवासी सैक्टर 45 बुडेल, चंडीगढ़ और स्वाति (27) पत्नी जतिंदर निवासी सैक्टर 45 बुडेल, चंडीगढ़ के रूप में की गई। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को कब्जे में ले लिया है और धर्मपुर थाने में केस दर्ज किया है।

चारों आरोपी पुलिस रिमांड पर, खंगाला जा रहा पुराना रिकॉर्ड
पुलिस ने दोनों मामलों (सदर सोलन और धर्मपुर थाना) में नियमानुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है कि वे यह चिट्टा कहां से लाए थे और इसके बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज क्या हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। मामलों में आगामी जांच जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!