Edited By Vijay, Updated: 14 Jul, 2026 03:41 PM

जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोट कहलूर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जंडोरी के समीप नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 13.39 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोट कहलूर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जंडोरी के समीप नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 13.39 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से एक इलैक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन (तराजू) भी बरामद हुई है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वे नशे की पुड़िया बनाकर सप्लाई करते थे।
जानकारी के अनुसार कोट कहलूर पुलिस ने जंडोरी के पास वाहनों की चैकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक (एचपी 20बी-5305) को पुलिस टीम ने निरीक्षण के लिए रोका, जिस पर 2 युवक सवार थे। तलाशी लेने पर युवकों के कब्जे से 13.39 ग्राम चिट्टा और एक इलैक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चिट्टे और मशीन के साथ-साथ बाइक को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान धनपत उर्फ गोल्डी और रोहित कुमार उर्फ रोतू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव बरोठा डवाला, डाकघर तरसूह, तहसील श्री नयना देवी जी व जिला बिलासपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह चिट्टा कहां से और किससे खरीदा गया था और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें