Himachal: अर्की के 2 सगे भाइयों का हिमाचल होमगार्ड में एक साथ चयन, इलाके में खुशी की लहर

Edited By Vijay, Updated: 03 Oct, 2026 01:14 PM

2 brothers from arki selected together in himachal home guard

सोलन जिले के उपमंडल अर्की से एक बेहद सुखद और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। यहां की ग्राम पंचायत साई के एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर हिमाचल प्रदेश होमगार्ड में एक साथ अपनी जगह पक्की की है।

अर्की (सुरेंद्र): सोलन जिले के उपमंडल अर्की से एक बेहद सुखद और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। यहां की ग्राम पंचायत साई के एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर हिमाचल प्रदेश होमगार्ड में एक साथ अपनी जगह पक्की की है। दोनों भाइयों के एक साथ चयनित होने से पूरे इलाके में खुशी की लहर है।

जानकारी के अनुसार अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत साई के तहत आने वाले गांव जमनी की बेंसक के रहने वाले गौरव और करण कुमार ने हाल ही में आयोजित हिमाचल होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। शारीरिक दक्षता और अन्य परीक्षणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए दोनों सगे भाइयों ने होमगार्ड में अपना चयन सुनिश्चित कर लिया है।

दोनों होनहार युवाओं गौरव और करण कुमार के पिता देवी चंद शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह एक सरकारी स्कूल में जेबीटी अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता आशा देवी एक कुशल गृहिणी हैं। माता-पिता के मार्गदर्शन और बेटों की लगन ने परिवार को यह दोहरा गौरव हासिल करने का मौका दिया है।

आज के दौर में जहां रोजगार के लिए युवाओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है, वहीं इन दोनों भाइयों की यह सफलता काफी अहम मानी जा रही है। शिक्षा की बात करें तो 23 वर्षीय गौरव ने वाणिज्य में स्नातकोत्त की डिग्री हासिल की है, जबकि उनके बड़े भाई 25 वर्षीय करण कुमार स्नातक हैं। उच्च शिक्षित होने के बावजूद दोनों ने देश और प्रदेश की सेवा के लिए वर्दी पहनने का जज्बा दिखाया।

एक ही घर से दो बेटों का चयन हिमाचल होमगार्ड में होने पर परिवार में जश्न का माहौल है। परिजनों के साथ-साथ समस्त पंचायत और गांववासियों ने गौरव और करण कुमार की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों भाइयों की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!