Sirmaur: बाल्मीकि चौक झड़प मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

Edited By Vijay, Updated: 28 Oct, 2026 12:56 PM

11 accused arrested in balmiki chowk clash case

नाहन शहर के बाल्मीकि चौक पर हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और झड़प के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए मामले में संलिप्त 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया...

नाहन (आशु): नाहन शहर के बाल्मीकि चौक पर हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और झड़प के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए मामले में संलिप्त 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा इन सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

विदित रहे कि बीते 23 अक्तूबर को बाल्मीकि चौक पर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था, जिसने बाद में पथराव और झड़प का रूप ले लिया। इस घटना के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिस कर्मियों सहित कुछ अन्य लोग घायल हुए थे। साथ ही, कुछ सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को भी नुक्सान पहुंचा था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हालात को काबू किया और मामला दर्ज कर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी थी।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर 27 अक्तूबर को 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में बाल्मीकि बस्ती निवासी वासु (37), शिवराज (29), विद्या सागर उर्फ राहुल (31), आर्यन (19) व आर्यवीर उर्फ आदि शामिल हैं। वहीं, गोबिंदगढ़ मोहल्ला निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल (24), कुलविंद्र सिंह उर्फ खोजु (24), सुखविंद्र सिंह उर्फ गप्पु (21), गुरजीत सिंह उर्फ गुजु (27), तेजपाल सिंह उर्फ तेजु (19) और सोहन सिंह (21) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है। घटना में शामिल अन्य अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर जो भी इस घटना में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एससी सिरमौर एनएस नेगी ने इस बात की पुष्टि की है।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को पुलिस की चेतावनी
जिला पुलिस सिरमौर ने आम जनता से क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने सख्त हिदायत जारी करते हुए कहा है कि नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह की भ्रामक, अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री (पोस्ट/वीडियो) को शेयर करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस ने शहरवासियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!