Edited By Vijay, Updated: 15 May, 2026 10:45 PM

सुंदरनगर के पुलिस थाना बीएसएल कालोनी के अंतर्गत आने वाले तुनाही मोहल्ला में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
सुंदरनगर (सोढी): सुंदरनगर के पुलिस थाना बीएसएल कालोनी के अंतर्गत आने वाले तुनाही मोहल्ला में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय वनिता पत्नी दिनेश कुमार निवासी बीएसएल कालोनी, तुनाही मोहल्ला, सुंदरनगर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वनिता की शादी महज 2 साल पहले ही हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। महिला ने इतना बड़ा और खौफनाक कदम क्यों उठाया, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही, इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मृतका के परिजनों, ससुराल वालों और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है।
इस पूरे मामले को लेकर मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें