हिमाचल की इस पंचायत ने पहली ग्राम सभा में लिए बड़े फैसले, नशे के कारोबार में संलिप्त मिले तो बंद होंगी सरकारी सुविधाएं

Edited By Vijay, Updated: 03 Jul, 2026 06:38 PM

this panchayat of himachal made big decisions in first gram sabha

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के बमसन ब्लॉक (टौणीदेवी) की ग्राम पंचायत करयाली ने अपनी पहली ही ग्राम सभा में कई कड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के बमसन ब्लॉक (टौणीदेवी) की ग्राम पंचायत करयाली ने अपनी पहली ही ग्राम सभा में कई कड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। नवनिर्वाचित प्रधान शुभम राणा की अध्यक्षता में 3 जुलाई को आयोजित इस बैठक में नशे, ग्रामीण सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था सुधारने को लेकर अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इस दौरान ग्रामीणों ने एकमत से पंचायत के फैसलों का समर्थन किया। ग्राम सभा में युवाओं में बढ़ते चिट्टे के नशे को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। पंचायत ने चिट्टे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस नीति अपनाते हुए सख्त फरमान सुनाया है। प्रस्ताव पारित किया गया है कि यदि पंचायत का कोई भी व्यक्ति या युवा चिट्टे जैसे खतरनाक नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे सरकार और पंचायत की तरफ से मिलने वाली सभी सुख-सुविधाओं से हाथ धोना पड़ेगा। ऐसे व्यक्ति को भविष्य में किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, पंचायत स्वयं ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाएगी।

फेरीवालों के लिए पुलिस वैरिफिकेशन अनिवार्य, लगेगा 100 रुपए शुल्क
गांव की सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों की एंट्री पर भी पंचायत ने नियम सख्त किए हैं। बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार अब पंचायत क्षेत्र में सामान बेचने आने वाले फेरीवालों को अपना पुलिस द्वारा सत्यापित पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। बिना इसके वे गांव में नहीं घूम सकेंगे, साथ ही फेरीवालों के लिए 100 रुपए का शुल्क भी निर्धारित किया गया है, जिसे उन्हें पंचायत में जमा करवाना होगा।

किन्नरों की बधाई राशि 3100 रुपए फिक्स
खुशी के मौकों पर किन्नर समाज द्वारा मनमर्जी से मांगी जाने वाली बधाई राशि पर भी पंचायत ने लगाम कसी है। आम लोगों को आर्थिक परेशानी से बचाने के लिए ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित कर किन्नरों के लिए पंचायत के भीतर 3100 रुपए की बधाई राशि निर्धारित कर दी है।

महिला मंडलों के साथ मिलकर साफ होंगे जलस्त्रोत
मानसून और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए बैठक में तय किया गया कि पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी प्राकृतिक जलस्त्रोतों, बावड़ियों, कुओं और पानी की टंकियों की सफाई की जाएगी। इस कार्य को पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय महिला मंडलों के सामूहिक सहयोग से पूरा किया जाएगा। पंचायत की इस पहली ग्राम सभा में प्रधान शुभम राणा के अलावा पंचायत के उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने विकास व सुधार के इन प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगाई।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!