Edited By Kuldeep, Updated: 26 Aug, 2026 09:37 PM

चुराह क्षेत्र में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बद्दी में बेचने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
तीसा (सुभान दीन): चुराह क्षेत्र में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बद्दी में बेचने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अदालत से राहत पाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस के आगे उसकी चाल कामयाब नहीं हो पाई। आरोप लगने के बाद तीसा थाने में पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शुभम ठाकुर निवासी गांव सुलाना डाकघर भंजराड़ू पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और भूमिगत हो गया था। तीसा पुलिस की टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं।
इसी बीच पुलिस को खुफिया तंत्र से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए चम्बा जिला अदालत में अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की है और वह सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट पहुंचने वाला है। बुधवार को आरोपी खुद को बचाने की उम्मीद लेकर चम्बा कोर्ट पहुंचा। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी अंतरिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया।
जैसे ही जमानत खारिज हुई और आरोपी अदालत परिसर से भागने की फिराक में था, पहले से ही मुस्तैद पुलिस की टीम ने उसे मौके पर ही घेर लिया और मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पकड़ लिया। वहीं आरोपी को थाना तीसा लाया गयाए जहां सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी शुभम ठाकुर को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अदालत से आरोपी का रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को उसे तीसा कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।