Weather Update: गर्मी झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर, 5 जिलों में बारिश का ऑरैंज अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 28 May, 2026 11:54 PM

shimla weather bad

हिमाचल प्रदेश में इस समय मौसम के 2 अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के कल्पा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी तरफ सूबे के मध्य व मैदानी इलाके भीषण गर्मी से तप रहे हैं।

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में इस समय मौसम के 2 अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के कल्पा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी तरफ सूबे के मध्य व मैदानी इलाके भीषण गर्मी से तप रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में पारा सामान्य से 2 से 4 डिग्री सैल्सियस तक ऊपर चल रहा है। वीरवार को राज्य के मैदानी इलाकों में सूरज ने तीखे तेवर दिखाए। ऊना और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर का प्रकोप देखा गया। हिमाचल के प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो नेरी (हमीरपुर) में 39.7, बरठीं (बिलासपुर) में 37.3, सुंदरनगर में 37.2, नाहन और मंडी में 37-37, धर्मशाला में 35, सोलन में 35.4, शिमला में 29, मनाली में 29.4 और कल्पा में 23.8 डिग्री तापमान रहा है।

हालांकि, तपती गर्मी झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर भी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 29 मई को राज्य के 5 जिलों के लिए ऑरैंज अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इस दौरान विभाग ने कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। इन 5 जिलों में एक-दो स्थानों पर तेज ओलावृष्टि, कड़कती बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से (झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक) अंधड़/तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

इसके अलावा मैदानी व अन्य जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा व कांगड़ा के लिए भी यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस मौसमी बदलाव के कारण अगले 3 से 4 दिनों के भीतर राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

पर्यटकों से गुलजार हुए हिमाचल के हिल स्टेशन
देश के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश के रुख कर लिया है। राजधानी शिमला, मनाली, कसौली और डल्हौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वीकैंड के साथ ही होटलों में ऑक्यूपैंसी 80 फीसदी से ऊपर पहुंच गई है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और मनाली के माल रोड पर शाम के समय पर्यटकों की रौनक देखते ही बन रही है।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!