Edited By Kuldeep, Updated: 20 May, 2026 10:13 PM

हिमाचल प्रदेश में सूर्यदेव अब आग बरसाने लगे हैं, जिससे राज्य के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने से आम जनजीवन बेहाल हो गया है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में सूर्यदेव अब आग बरसाने लगे हैं, जिससे राज्य के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने से आम जनजीवन बेहाल हो गया है। राज्य का मैदानी जिला ऊना 44 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं पहाड़ों की रानी शिमला में भी गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री से बढ़कर 30.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे यह पहाड़ी क्षेत्र भी इस सीजन में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा सुंदरनगर में पारा 39.2, कांगड़ा में 39 और सोलन में 36.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में मैदानी और निचले इलाकों में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी रह सकता है।
अब पहाड़ों पर बारिश-अंधड़ का अलर्ट, मैदानों में लू की मार
मौसम विभाग ने चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में 21 से 24 मई तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। हालांकि इसके विपरीत ऊना, बिलासपुर और अन्य निचले मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के चलते तापमान में 2 से 4 डिग्री सैल्सियस तक की और बढ़ौतरी हो सकती है।