Edited By Kuldeep, Updated: 06 Apr, 2026 10:19 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट सोमवार शाम करीब 6 बजे हैक हो गई, जिसके चलते अधिसूचना सैक्शन में नियमित शैक्षणिक सूचनाओं की जगह अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज दिखाई देने लगे।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वैबसाइट सोमवार शाम करीब 6 बजे हैक हो गई, जिसके चलते अधिसूचना सैक्शन में नियमित शैक्षणिक सूचनाओं की जगह अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज दिखाई देने लगे। यह स्थिति करीब एक घंटे तक बनी रही और तकनीकी टीम ने रात 7 बजे के आसपास वैबसाइट को ठीक किया। घटना ऐसे समय में सामने आई है जब विश्वविद्यालय में आईसीडीई ओएल (अंतर्राष्ट्रीय दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा केंद्र) से जुड़े कोर्सों की प्रक्रियाएं जारी हैं और साथ ही परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी चल रही है।
इस दौरान हजारों छात्रों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छात्र जरूरी नोटिफिकेशन, तिथियां और दिशा-निर्देश प्राप्त करने के लिए पूरी तरह वैबसाइट पर निर्भर रहते हैं। शाम के समय जैसे ही विद्यार्थियों ने वैबसाइट खोली उन्हें नोटिफिकेशन सैक्शन में अभद्र सामग्री दिखाई दी। कुछ ही देर में इसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।