Shimla: पंचायती राज चुनाव के नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन

Edited By Kuldeep, Updated: 10 May, 2026 07:35 PM

shimla nominations final day

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों को लेकर चुनावी गतिविधियां चरम पर हैं। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का 11 मई को अंतिम दिन है।

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों को लेकर चुनावी गतिविधियां चरम पर हैं। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का 11 मई को अंतिम दिन है। उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। प्रदेशभर में पंचायत प्रतिनिधियों के विभिन्न पदों के लिए चुनाव लड़ने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक 31,182 पदों के लिए 42,562 उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं। राज्य में पंचायत प्रधान के 3754, उपप्रधान के 3754, ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 21654, जिला परिषद सदस्य के 251 व पंचायत समिति सदस्य के 1769 पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी विभिन्न जिलों में उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ उपमंडल कार्यालयों, तहसील परिसरों और विकास खंड कार्यालयों में देखने को मिलेगी। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।

इस दौरान संबंधित रिटर्निंग अधिकारी उम्मीदवारों के दस्तावेजों और पात्रता की जांच करेंगे। जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाएंगे, उनके आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं। चुनाव आयोग ने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होते ही चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की वास्तविक तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके साथ ही संबंधित उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आबंटित कर दिए जाएंगे, जिसके बाद पंचायत चुनाव का प्रचार अभियान और अधिक तेज हो जाएगा।

स्थानीय मुद्दे व विकास कार्य प्रमुख चुनावी मुद्दे
प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर गांव-गांव में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। अधिकांश पंचायतों में स्थानीय मुद्दों व विकास कार्य प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। इसके अलावा सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषय भी चुनावी चर्चा के केंद्र बने हुए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के पदों पर युवा उम्मीदवारों के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी भी इस बार बढ़ी हुई दिखाई दे रही है। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे नामांकन प्रक्रिया और चुनाव प्रचार के दौरान निर्वाचन नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें।

51 शहरी निकायों के लिए चुनाव प्रचार के रह गए 5 दिन
राज्य में 51 शहरी निकायों के लिए चुनाव 17 मई को है। इसमें मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। प्रत्याशियों के पास अब प्रचार के मात्र 5 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में प्रत्याशियों ने अब चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शहरी निकायों के लिए प्रचार का शोर 15 मई को सायं 5 बजे थम जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!