Edited By Kuldeep, Updated: 09 Apr, 2026 10:16 PM
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने फीस वृद्धि के साथ प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सिज के अलावा मैरिट बेस्ड कोर्सिज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है।
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने फीस वृद्धि के साथ प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सिज के अलावा मैरिट बेस्ड कोर्सिज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। स्नातकोत्तर व स्नातक कोर्सिज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न कोर्सिज में प्रवेश के लिए अब उम्मीदवार तय समय सीमा में विश्वविद्यालय की एडमिशन संबंधित वैबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सिज के अलावा मैरिट बेस्ड कोर्सिज के लिए ऑनलाइन आवेदन 26 अप्रैल तक किया जा सकेगा। इसके अलावा एफवाईआईसीटीटीएम व बीएचएम को छोड़कर अन्य मैरिट बेस्ड कोर्सिज के लिए आवेदन की तिथि 14 जून निर्धारित की है।
विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एससी. फिजिक्स, बोटनी, जूलॉजी, कैमिस्ट्री, गणित, पर्यावरण विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटैक्नोलॉजी, एमए भूगोल, सोशल वर्क, अंग्रेजी, फिजिकल एजुकेशन, हिन्दी, संस्कृत, परफॉर्मिंग आर्ट्स, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, लोक प्रशासन, राजनीतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, इतिहास, योगा स्टडीज, ग्रामीण विकास, विजुअल आर्ट (पेंटिंग), एमए जेएमसी, एमएड एम.पीएड., एलएलबी, एमकॉम., एमबीए ग्रामीण विकास, एमएफए (पहाड़ी मीनिएचर पेंटिंग) व एमटीटीएम कोर्सिज की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन कोर्सिज के लिए आवेदन फीस में इस सत्र से वृद्धि की गई है। प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को अब आवेदन फीस 1,000 रुपए देनी होगी। एमसीए, एमएससी डाटा साइंस, एमएससी आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है और सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपए और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 750 रुपए तय की गई है।
एमटैक कम्प्यूटर साइंस की नॉन सब्सिडाइज्ड सीट के लिए आवेदन फीस में 500 रुपए की वृद्धि
एमटैक कम्प्यूटर साइंस की नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन फीस में 500 रुपए की वृद्धि की है और सामान्य व आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अब 1,000 रुपए की बजाय अब 1,500 रुपए देने होंगे। बीएचएम (मैरिट बेस्ड नॉन-सब्सिडाइज्ड) कोर्स, 5 वर्षीय इंटीग्रेटिड कोर्स इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमैंट और अन्य मैरिट बेस्ड कोर्सिज व शॉर्ट टर्म कोर्सिज में दाखिले के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन कोर्सिज की आवेदन फीस में भी वृद्धि की गई है। बीएचएम नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन फीस सामान्य वर्ग में अब 700 रुपए की बजाय 1,500 रुपए और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अब 700 रुपए की बजाय 1,000 रुपए देने होंगे।
एफवाईआईसीटीटीएम (मैरिट बेस्ड) के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन फीस 700 रुपए की बजाय अब 750 रुपए देनी होगी, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 350 की बजाय 500 रुपए देने होंगे और सब्सिडाइज्ड व नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए संयुक्त रूप से सामान्य वर्ग की आवेदन फीस 1,400 से बढ़ाकर 1,500 रुपए की गई, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को प्रवेश के लिए आवेदन करने के लिए बीते वर्ष की तुलना में 50 रुपए कम देने होंगे और फीस 1,050 रुपए से कम कर 1,000 रुपए की गई है।
मैरिट बेस्ड कोर्सिज की ऑनलाइन आवेदन फीस पर एक नजर
मैरिट बेस्ड कोर्सिज जिसमें डिप्लोमा इन योगा, पीजी डिप्लोमा इन ट्राइबल स्टडीज, डिजास्टर एंड डिजास्टर मैनेजमैंट, एम.ए. एजुकेशन, आर्केलॉजी, एशिएंट हिस्ट्री, डिफैंस एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज, बी.लिब.आई.एससी., एम.लिब.आई.एससी., एम.एससी. फोरैंसिक साइंस कोर्सिज और शॉर्ट टर्म/एड ऑन/स्किल डिवैल्पमैंट कोर्सिज (मैरिट बेस्ड) में प्रवेश के लिए आवेदन करने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपए, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपए देने होंगे, जबकि उक्त मैरिट बेस्ड कोर्सिज की सब्सिडाइज्ड व नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए संयुक्त रूप से आवेदन के लिए फीस सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपए और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपए देने होंगे।