Edited By Kuldeep, Updated: 24 Mar, 2026 09:16 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पैट्राेल व हाई स्पीड डीजल पर सैस लगाने संबंधी संशोधन विधेयक विधानसभा में पारित किया गया है।
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पैट्राेल व हाई स्पीड डीजल पर सैस लगाने संबंधी संशोधन विधेयक विधानसभा में पारित किया गया है। उन्होंने शिमला से जारी बयान में कहा कि सरकार अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए पैट्रोल और डीजल पर 5 रुपए प्रति लीटर तक सैस लगाएगी। यह सैस पैट्रोल पदार्थों की बिक्री करने वाले व्यापारियों से लिया जाएगा, जबकि आम उपभोक्ताओं पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा।
इस सैस से प्राप्त राशि का उपयोग विधवाओं, अनाथ बच्चों सहित अन्य जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए किया जाएगा, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कदम से आम जनता पर बोझ डाले बिना सामाजिक योजनाओं को मजबूती मिलेगी और लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा। यह पहल प्रदेश में सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्व घाटा अनुदान के पक्ष में प्रदेश के साथ खड़ी नहीं हुई, अब वैसे ही इस सैस को लेकर भी जनता में भ्रम फैला रही है कि यह पैट्रोल सैस आम उपभोक्ताओं से वसूला जाएगा, जबकि संशोधन विधेयक में स्पष्ट है कि यह सैस व्यापारियों से वसूला जाएगा।