Edited By Kuldeep, Updated: 05 Apr, 2026 09:46 PM

बल्ह थाना क्षेत्र के तहत रिवालसर के सरकीधार में हुई महिला बौद्ध भिक्षुणी की नृशंस हत्या के मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस रिमांड के दौरान कई राज खोले हैं।
रिवालसर: बल्ह थाना क्षेत्र के तहत रिवालसर के सरकीधार में हुई महिला बौद्ध भिक्षुणी की नृशंस हत्या के मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस रिमांड के दौरान कई राज खोले हैं। इस हत्याकांड में संलिप्त एक 17 वर्षीय नाबालिग चौथे आरोपी का नाम भी सामने आया है। सभी अभियुक्त नशे के आदी बताए गए हैं। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि हत्या के दिन ये चारों आरोपी नेरचौक में मिले और वहां से एक योजना के तहत कार में सवार होकर वाया पटड़ीघाट होते हुए सरकीधार पहुंचे। यहां महिला बौद्ध भिक्षुणी से धन लूटने की नीयत से आरोपी रात 9 बजे के लगभग कुटिया में पहुंचे।
भिक्षुणी के विरोध पर इन्होंने बेरहमी दिखाते हुए तेज हथियारों से उस पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी कुटिया से कुछ चांदी और महिला के 2 मोबाइल उठाकर चंडीगढ़ भाग गए। यहां इन्होंने एक मोबाइल को नशे की तलब मिटाने के लिए बेच दिया। हत्या में प्रयोग एक हथियार (चाकू) को पुलिस आरोपियाें की निशानदेही पर बरामद कर चुकी है जबकि दूसरा हथियार अभी बरामद होना बाकी है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम एक आरोपी को साथ लेकर चंडीगढ़ गई हुई है। एस.पी. विनोद कुमार का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। मामले की तहकीकात जारी है।
फोन खरीदने वाले आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और सबूत मिटाने के लिए कई तरीके अपनाए थे। आरोपियों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए मृतका के पति का मोबाइल चंडीगढ़ में बेच दिया था। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने यह फोन खरीदा। मामले के एक आरोपी गगन शर्मा ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतका के कीपैड वाले फोन से अपनी दादी का सेव नंबर भी हटा दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार, हथियार और आरोपितों के मोबाइल को जब्त कर फोरैंसिक लैब भेज दिया है।