Edited By Kuldeep, Updated: 11 May, 2026 11:18 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को दोपहर बाद मंडी नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के दौरान आयोजित 5 नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध और विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए...
मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को दोपहर बाद मंडी नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के दौरान आयोजित 5 नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध और विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जनता से बदला लेने का आह्वान किया। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर वित्तीय कुप्रबंधन का सीधा आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा मंडी के लिए आबंटित 15 करोड़ रुपए के बजट को वापस लेकर अन्यत्र खर्च कर दिया गया तथा साढ़े 3 साल तक मंडी की उपेक्षा करने के बाद चुनाव आते ही 180 करोड़ रुपए के बजट का शिगूफा छोड़कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने मांग की कि मुख्यमंत्री को केंद्रीय बजट के खर्च पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, ताकि जनता जान सके कि पैसा कहां जा रहा है। जयराम ने आरोप लगाया कि 250 करोड़ के शिवधाम प्रोजैक्ट को हमने मंडी के पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए शुरू किया था, लेकिन उसका बजट मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन ले गए। इस परियोजना का स्वरूप छोटा कर इसे बर्बाद कर दिया गया है।