Edited By Kuldeep, Updated: 06 May, 2026 10:08 PM

सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बुधवार को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 294 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 40 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।
मंडी (रजनीश): सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में बुधवार को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 294 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जबकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 40 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। ये डिग्रियां राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने द्वितीय दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करने के बाद मेधावी विद्यार्थियाें को वितरीत कीं। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने इसे मात्र डिग्री वितरण कार्यक्रम न बताते हुए ज्ञान, संस्कृति और जिम्मेदारी के संगम का उत्सव बताया। उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल व्यक्तिगत करियर तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान, नवाचार और नैतिक मूल्यों को विकसित भारत 2047 के निर्माण में समर्पित करें। विश्वविद्यालय परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित करने के निर्णय की सराहना करते हुए उन्होंने भारत वल्लभ की अवधारणा को राष्ट्रीय दृष्टि का प्रतीक बताया। राज्यपाल ने कहा कि आज के समय में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि नवाचार, नैतिकता और मानवीय संवेदनशीलता भी अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एसपी विनोद कुमार, कुलपति ललित अवस्थी, रजिस्ट्रार शशि पाल नेगी और सहायक आयुक्त सुनैना शर्मा उपस्थित रहे।
स्वर्ण पदक विजेताओं में बेटियों ने गाड़े सफलता के झंडे, श्रेया और समृद्धि बनीं टाॅपर
एसपीयू मंडी के शैक्षणिक सत्र 2024 और 2025 की परीक्षाओं की स्वर्ण पदकों की सूची में बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए अधिकांश संकायों में प्रथम स्थान हासिल किया है। शैक्षणिक सत्र 2024 में एमएससी जूलॉजी में मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज कांगड़ा की श्रेया ने 9.57 सीजीपीए के साथ टॉप किया, वहीं एमएससी बॉटनी 2024 में क्षिति चौधरी (9.46) और 2025 में विभूति ठाकुर (9.37) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शैक्षणिक सत्र 2024 में में बीएससी में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की समृद्धि ठाकुर ने 9.74 सीजीपीए हासिल कर विश्वविद्यालय में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 40 पदक विजेताओं में से 13 विद्यार्थी सीधे सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी कैंपस से संबंधित हैं। इन विशेष मेधावियों को सूची में पीले रंग से हाईलाइट किया गया है।
डीएवी कालेज कांगड़ा के विद्यार्थियों ने जूलॉजी, फिजिक्स, मैथ और बॉटनी जैसे विषयों में टॉप किया, वहीं राजकीय महाविद्यालय कुल्लू की इशिता सूद ने एमए अंग्रेजी, सोनू देवी ने एमए अर्थशास्त्र और नेहा ठाकुर ने एमए टूरिज्म 2024 की सूची में शीर्ष स्थान पाया। इसके अलावा एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर की मोनाल ने कैमिस्ट्री और जसकिरण कौर ने बीपीएड में प्रथम स्थान हासिल किया। व्यावसायिक शिक्षा की बात करें तो द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ एजुकेशन रैत की आशिया ठाकुर ने बीएड 2024 में 86.93 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया, जबकि वर्षा ने बीबीए 2025 में पहला रैंक हासिल किया। एमसीए विभाग से सिमरन (2024) और विशाल शर्मा (2025) को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।