Edited By Vijay, Updated: 19 Jun, 2026 06:45 PM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां ड्यूटी के दौरान जलशक्ति विभाग के एक कर्मचारी की गहरी खाई में गिरने से जान चली गई।
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां ड्यूटी के दौरान जलशक्ति विभाग के एक कर्मचारी की गहरी खाई में गिरने से जान चली गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी भुहान के रूप में हुई है, जो आनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलशक्ति विभाग में पंप अटैंडैंट के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद से मृतक के परिवार और इलाके में शोक की लहर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र कुमार अपने दो अन्य साथियों ईश्वर दास और बबलू के साथ कंडीनाला में पानी की टूटी हुई पाइप लाइन की मुरम्मत करने के लिए निकले थे। कंडीनाला तक पहुंचने का रास्ता काफी चढ़ाई भरा और दुर्गम था। मरोलदढ से यह टीम पैदल ही आगे बढ़ी। रास्ते में बबलू नीचे वाले मार्ग से कंडीनाला की ओर निकल गया, जबकि सुरेंद्र कुमार और ईश्वर दास ऊपर वाले कठिन रास्ते से आगे बढ़ने लगे। इसी बीच खनौली नाले के पास अचानक सुरेंद्र कुमार का पैर फिसला और वह सीधे करीब 250 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरे। ऊंचाई से गिरने और गहरी चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने इस दुखद मामले की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें