Edited By Kuldeep, Updated: 29 Apr, 2026 11:07 PM

जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 अप्रैल को स्पैशल डिटैक्शन टीम ने ट्रक यूनियन के पास एक टैम्पो से 1,104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे।
पांवटा साहिब (कपिल): जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 अप्रैल को स्पैशल डिटैक्शन टीम ने ट्रक यूनियन के पास एक टैम्पो से 1,104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने रविकांत उर्फ बंटी पुत्र रतन सिंह निवासी टोका नगला (जामनीवाला, पांवटा साहिब) और विकास पुत्र चंद्रभान निवासी मरवा (सडोली, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया था। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
आरोपी की निशानदेही पर सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के चिलकाना थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर ढलानी गांव में स्थित गफ्फार (51) निवासी गांव गोवर्धनपुर ढलानी, डा. पठेड़, थाना चिलकाना, तहसील व जिला सहारनपुर के घर पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए कट्टे से 7,440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस तरह कुल मिलाकर अब तक कुल 8,544 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए हैं। एसपी सिरमौर ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।