Edited By Kuldeep, Updated: 13 Sep, 2026 09:14 PM

पालमपुर थाना क्षेत्र में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख रुपए की कथित ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
पालमपुर (भृगु): पालमपुर थाना क्षेत्र में पैसे दोगुने करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख रुपए की कथित ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्त्ता छिंद राज निवासी मैंझा ने पुलिस थाना पालमपुर में शिकायत दर्ज करवाते हुए 4 लोगों पर ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार शिकायतकर्त्ता ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को चार लोग उसके पास आए थे, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। आरोप है कि इन लोगों ने उससे कहा कि वे उसके पैसे डबल करके देंगे और इसके लिए उसे 4 लाख रुपए देने होंगे। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्त्ता ने कथित तौर पर उन्हें 4 लाख रुपए दे दिए।
शिकायत के अनुसार अगले दिन उक्त लोगों ने शिकायतकर्त्ता से कहा कि उसके पैसे जिस गेम में लगाए गए हैं, उसमें आगे निवेश करने के लिए 7 लाख रुपए और देने होंगे। इसके बदले उसे 21 लाख रुपए देने का भरोसा दिलाया गया। शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया कि विश्वास में आकर उसने उन्हें 7 लाख रुपए और दे दिए। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर रुपए लेकर वहां से चले गए। शिकायतकर्त्ता के अनुसार बाद में फोन पर उससे कहा जाने लगा कि वह 21 लाख रुपए लेकर आए, जिसके बदले उसे डेढ़ करोड़ रुपए दिए जाएंगे। लगातार बढ़ती रकम और नए लालच से आशंकित शिकायतकर्त्ता ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान पुलिस आरोपियों की पहचान, उनकी गतिविधियों, शिकायतकर्त्ता से कथित तौर पर ली गई रकम तथा पैसे के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं तथा कहीं अन्य लोगों को भी इसी प्रकार के लालच में फंसाया गया है या नहीं। डीएसपी पालमपुर ने मामले की पुष्टि की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसे दोगुने करने अथवा कम समय में बड़ी रकम देने के लालच में किसी अनजान व्यक्ति को पैसा न दें और संदिग्ध लेन-देन की तत्काल पुलिस को सूचना दें।