Edited By Vijay, Updated: 18 Apr, 2023 08:15 PM

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस दहशत में है। इसी कारण उसे अपनी 4 माह की सरकार पर भरोसा नहीं है। उन्होंने विशेष बातचीत में आरोप लगाया कि चुनावों को हाईजैक करने के लिए बल्क में वोट...
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस दहशत में है। इसी कारण उसे अपनी 4 माह की सरकार पर भरोसा नहीं है। उन्होंने विशेष बातचीत में आरोप लगाया कि चुनावों को हाईजैक करने के लिए बल्क में वोट बनाए जा रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा अपने काम की बदौलत चुनाव को जीतेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सरकार को अपने ऊपर जो भरोसा होना चाहिए था, जो नहीं है, ऐसे में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके सारे हथकंडों को अपनाकर चुनाव जीतने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व महापौर कुसुस सदरेट को चुनाव मैदान में नहीं उतारे जाने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थिति के चलते खुद चुनाव लड़ने से इंकार किया। इसके अलावा एक-दो जगह जहां नाराजगी के विषय सामने आए हैं, उनको मना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकट से वंचित रहने वालों को भविष्य में पार्टी में उचित मान-सम्मान देने का प्रयास करेगी।
3 बार रोस्टर बदला, 500 से 700 वोट एसडीएम ऑफिस के सामने पटक दिए गए
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने सबसे चुनाव जीतने के लिए 3 बार गलत तरीके से रोस्टर को बदला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 500 से 700 वोट एसडीएम ऑफिस में पटक दिए गए, साथ ही दादागिरी करके उनको बनाया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या को 41 से घटाकर 34 कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है, जब विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का अपने मूल निवास स्थान से नाम काटे बिना शिमला शहर में भी वोट देने का अधिकार दिया गया।
मंत्रियों से लेकर विधायकों के निवास पर बने 18 से 20 वोट
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मंत्रियों के आवास पर 18 से 20 वोट बनाए गए। इसके अलावा विधायकों के निवास पर बड़ी संख्या में वोट बनाए गए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बहुत अलग तरह का है। उन्होंने कहा कि पहले विधानसभा चुनाव से पहले नगर निगम चुनाव होने थे लेकिन कांग्रेस की पार्षद रही सिम्मी नंदा के हाईकोर्ट में जाने के कारण यह आगे खिसक गया।
कांग्रेस की गारंटियां फेल, ओपीएस लागू करने के प्रारूप से कर्मचारी नाराज
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की गारंटियां फेल हो गई हैं। उन्होंने कहा कि 4 माह के भीतर ओपीएस लागू करने के लिए जो प्रारूप अब तक अपनाया गया है, उससे कर्मचारी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 18 से 60 साल की 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपए देने की बात कही थी, लेकिन अब बात 2.31 लाख महिलाओं पर आ गई है। इसमें भी वह महिलाएं शामिल हैं, जिनको पहले से पैंशन मिल रही है।
अंग्रेजों के बाद शिमला में पहली सुरंग बनाई, स्मार्ट सिटी में भी हुआ काम
जयराम ठाकुर ने कहा कि अंग्रेजी शासनकाल के बाद भाजपा ने शिमला में पहली सुरंग बनाई। शहरी विकास मंत्री रहते हुए सुरेश भारद्वाज ने स्मार्ट सिटी में अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के जाने के बाद पहली बार शिमला की सड़कें चौड़ी हुई हैं। शहर में पेयजल व्यवस्था को सुधारने के अलावा एक्सक्लेटर व लिफ्ट लग रही है तथा पैदल चलने वाले रास्तों की हालत को सुधारा गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here