Edited By Kuldeep, Updated: 12 Jul, 2026 10:25 PM

जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला शिक्षक सहित 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के पति-पत्नी की भी जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है।
नाहन/सराहां (आशु): जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला शिक्षक सहित 3 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक ही परिवार के पति-पत्नी की भी जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। हादसा सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर आगे उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में 48 वर्षीय रीना शर्मा पत्नी राम लाल निवासी धरगौण प्लासो, तहसील सराहां और कार चालक अधिकारी जेटली (65) पुत्र रमाकांत शंकर जेटली की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली पत्नी अधिकारी जेटली को प्राथमिक उपचार के बाद मैडीकल कालेज नाहन रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
वहीं हादसे में घायल यशस्वी जेटली पुत्र अधिकारी जेटली का उपचार नाहन में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार चारों लोग सराहां क्षेत्र के निवासी थे। मृतक रीना शर्मा शिक्षा विभाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। उधर, पच्छाद प्रशासन के अनुसार हादसा रविवार शाम करीब 7.30 बजे हुआ। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए और घायल को 5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।