Edited By Vijay, Updated: 01 Jul, 2026 05:05 PM

हिमाचल प्रदेश के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण खबर है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने वाले बिलासपुर के हैंडबाल कोच मनोज ठाकुर ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
बिलासपुर (विशाल): हिमाचल प्रदेश के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण खबर है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने वाले बिलासपुर के हैंडबाल कोच मनोज ठाकुर ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उन्हें चीन में आयोजित होने वाली 19वीं एशियाई पुरुष जूनियर हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का मुख्य प्रशिक्षक (हैड कोच) नियुक्त किया गया है। मनोज ठाकुर की इस नियुक्ति से बिलासपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के खेल जगत और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
जमशेदपुर में लगेगा टीम इंडिया का प्रशिक्षण शिविर
जानकारी के अनुसार चीन में होने वाली इस प्रतिष्ठित एशियाई चैंपियनशिप से पहले भारतीय टीम को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए आगामी 3 से 13 जुलाई तक जमशेदपुर (झारखंड) के ऐतिहासिक टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में भारतीय पुरुष जूनियर हैंडबाल टीम का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में मनोज ठाकुर मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर देश भर से चुने गए बेहतरीन खिलाड़ियों को तराशेंगे और उन्हें चैंपियनशिप में मेडल जीतने के लिए तैयार करेंगे।
15 बार रह चुके हैं हिमाचल की टीम के कोच
मनोज ठाकुर का खेल और कोचिंग करियर बेहद शानदार रहा है। वर्तमान में वह युवा सेवाएं एवं खेल विभाग बिलासपुर में हैंडबाल कोच के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही उनके पास राज्य खेल छात्रावास (स्पोर्ट्स हॉस्टल) बिलासपुर के प्रभारी की भी अहम जिम्मेदारी है। अपने लंबे अनुभव के दौरान मनोज अब तक 15 बार हिमाचल प्रदेश की हैंडबाल टीम के कोच रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भी कोच और रैफरी के रूप में अपनी अहम सेवाएं दी हैं।
परिवार और खेल निदेशक को दिया सफलता का श्रेय
इस बड़े मुकाम को हासिल करने के बाद मनोज ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने करीबियों को दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच बनना उनके लिए गर्व की बात है और इस सफर में उनके माता-पिता, बड़े भाई, पत्नी और गुरुजनों का बहुत बड़ा आशीर्वाद व समर्थन रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने निरंतर सहयोग के लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह का भी विशेष आभार व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें