Edited By Kuldeep, Updated: 28 May, 2026 10:17 PM

जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत मैनभरोला में मतदान के दौरान एक अजीब मामला सामने आया, जहां कथित रूप से जेठानी द्वारा अपनी देवरानी के नाम पर वोट डालने का मामला उजागर हुआ।
जोगिंद्रनगर (विनोद): जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत मैनभरोला में मतदान के दौरान एक अजीब मामला सामने आया, जहां कथित रूप से जेठानी द्वारा अपनी देवरानी के नाम पर वोट डालने का मामला उजागर हुआ। घटना सामने आते ही मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया को रोकना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही इस मामले की भनक अन्य लोगों को लगी तो मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध जताया।
देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया, जिसके चलते चुनाव अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनीष चौधरी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद संबंधित वोट को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के आदेश जारी किए। इसके बाद मामला शांत हुआ और मतदान प्रक्रिया दोबारा सुचारु रूप से शुरू करवाई गई। प्रशासन का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।