Edited By Vijay, Updated: 20 Sep, 2019 10:23 PM
एचआरटीसी नवरात्रों में प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों व शक्तिपीठों के लिए स्पैशल बसें चलाएगा। परिवहन मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने प्रदेश के किस डिपो से धार्मिक स्थानों के लिए कितनी बसें चलाई जानी हैं, आरएम से इसकी...
शिमला: एचआरटीसी नवरात्रों में प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों व शक्तिपीठों के लिए स्पैशल बसें चलाएगा। परिवहन मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने प्रदेश के किस डिपो से धार्मिक स्थानों के लिए कितनी बसें चलाई जानी हैं, आरएम से इसकी रिपोर्ट मांगी है। मौजूदा समय में परिवहन निगम के बेड़े में करीब 3200 बसें हैं। इनमें दर्जनों बसें सड़कों पर खड़ी हैं। इन बसों को नवरात्रों में श्रद्धालुओं के लिए चलाया जाना है। ये बसें चलाए जाने से जहां श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, वहीं परिवहन निगम की आय में भी इजाफा होगा।
इन धार्मिक स्थलों पर बसें चलाने पर चल रहा विचार
सरकार फिलहाल ज्वालाजी, नयनादेवी, तारादेवी, चिंतपूर्णी आदि धार्मिक स्थलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने पर विचार कर रही है। निगम प्रबंधन के मुताबिक प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यों की शक्तिपीठों के लिए भी बसें भेजी जानी हैं जबकि कई बसें ऐसी हैं जो लोगों की डिमांड के अनुसार चलाई जाएंगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को एडवांस बुुकिंग करानी होगी। यह बुकिंग नवरात्र शुरू होने से 2-3 दिन पहले शुरू की जाएगी।
क्या बोले परिवहन मंत्री
परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में नवरात्रों के शुभ अवसर पर एचआरटीसी अतिरिक्त बसें चलाएगा। जिला मुख्यालय और डिपो से शक्तिपीठों के लिए बसें चलाई जानी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर इस फैसले पर विचार किया जा रहा है। वहीं इस संबंध में डिपो आरएम से भी रिपोर्ट मांगी है।