116वीं जयंती पर याद किए हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत परमार, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का निधन, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Edited By Vijay, Updated: 05 Aug, 2022 07:11 AM

hp top 10 news

हिमाचल में कोरोना का कहर जारी है। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का निधन हो गया। शिमला के रिज मैदान पर हिमाचल निर्माता डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 116वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते...

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में कोरोना का कहर जारी है। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का निधन हो गया। शिमला के रिज मैदान पर हिमाचल निर्माता डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 116वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया है। कांगड़ा जिले के अंतर्गत आती पौंग झील में 2 युवक डूब गए हैं। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में कोरोना संक्रमण से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, 791 नए पॉजिटिव मामले
हिमाचल प्रदेश में कोरोना से मौतों का होना व नए संक्रमित मामलों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। शिमला जिले में कोरोना से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं प्रदेश में कोरोना के नए 791 पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 45, चम्बा के 58, हमीरपुर के 94, कांगड़ा के 161, किन्नौर के 16, कुल्लू के 18, लाहौल-स्पीति के 8, मंडी के 127, शिमला के 160, सिरमौर के 35, सोलन के 28 व ऊना के 41 मरीज शामिल हैं। 

शिमला के रिज मैदान पर मनाई हिमाचल निर्माता की 116वीं जयंती
राजधानी शिमला में हिमाचल निर्माता डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 116वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने दौलत सिंह पार्क पर स्थापित डाॅ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज हिमाचल देश के बड़े राज्यों से आगे निकल कर विकास की गति को तीव्र से तीव्र रूप प्रदान करने में सक्षम हुआ है।

नहीं रहे पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, अंब स्थित घर पर ली अंतिम सांस
हिमुडा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का निधन हो गया। उन्होंने सुबह अंब स्थित घर में अंतिम सांस ली। प्रवीण शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेता थे तथा आपातकाल का विरोध करने पर उन्हें जेल भी गए थे। वर्ष 1998 में जब प्रदेश  में धूमल सरकार बनी तो प्रवीण शर्मा उसमें एक्साइज मिनिस्टर बने। प्रदेश की सियासत में प्रवीण शर्मा का बड़ा रुतबा था।

मूसलाधार बारिश से टुटू की बंगाला कालोनी में भूस्खलन
शिमला जिले में वीरवार को हुई मूसलाधार बारिश से शहर में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। शहर के उपनगर टूटू की बंगाला कालोनी में भूस्खलन हो गया। इससे आसपास के कई भवन खतरे की जद्द में आ गए हैं, ऐसे में खतरा बढ़ता देख प्रशासन ने बंगाला कालोनी के आसपास के घरों को खाली करवा दिया है और भूस्खलन वाली जगह पर तिरपाल इत्यादि डाल दिए हैं। 

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की बिगड़ी तबीयत
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार अस्वस्थ हो गए हैं, ऐसे में उन्हें विवेकानंद मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ऑब्जर्वेशन पर रखा है। यद्यपि उनके स्वास्थ्य में सुधार है परंतु चिकित्सकों ने चिकित्सीय तथा पैथोलॉजी जांच के लिए शांता कुमार को अस्पताल में भर्ती किया है। शांता कुमार को खांसी जुकाम की शिकायत होने के कारण सांस लेने में हल्की परेशानी बताई जा रही है।

मैहतपुर-बसदेहड़ा के रिद्धम वशिष्ठ सेना में बने लैफ्टिनैंट
ऊना जिले के तहत नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के रिद्धम वशिष्ठ ओटीए चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बने हैं। उनके माता-पिता ने चेन्नई जाकर बेटे को स्टार लगाए। मैहतपुर-बसदेहड़ा के वार्ड नंबर-2 के रियात इंजीनियरिंग काॅलेज में बतौर प्रोफैसर राजीव कुमार तथा शिक्षा विभाग के हरोली ब्लॉक एलीमैंटरी ऑफिस में अधीक्षक के पद पर कार्यरत सुनीता देवी के पुत्र ने 13वें प्रयास के दौरान सीडीएस की परीक्षा पास कर भारतीय सेना में जाने का अपना सपना साकार किया है। 

पौंग झील में नहाने उतरे 2 युवक डूबे
उपमंडल देहरा के नंदपुर भटोली के समीप पौंग झील में 2 युवकों के डूबने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक झील में नहाने उतरे थे और डूब गए। जानकारी मिलते ही हरिपुर पुलिस और एसडीएम देहरा संकल्प गौतम भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। उक्त दोनों युवकों की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी अनुसार लापता राजकुमार (45) पुत्र चंचल सिंह निवासी भियाल फोटोग्राफी का काम करता है और रंजीत सिंह (32) उर्फ रिंकू पुत्र निक्का राम निवासी नंदपुर भटोली ढोल बजाने का काम करता है।

रावी नदी पर बने सियूर पुल पर चट्टानें गिरने से दूल्हे की कार क्षतिग्रस्त
भरमौर को होली घाटी से जोड़ने वाली रावी नदी पर बने सियूर पुल पर चट्टानें गिरने की घटना पेश आई है। इस घटना में बारातियों की 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिनमें सवार 4 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। चट्टानें गिरने से सियूर पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के फट्टे टूट गए हैं, जिससे लोगों का आर-पार हो पाना भी मुश्किल हो गया है। घटना उस समय घटी जब एक बारात सियूर पुल को पार करने लगी तो अचानक ढांक से पत्थर गिरने शुरू हो गए।

कालका-शिमला हैरिटेज रेल ट्रैक पर भूस्खलन
कालका-शिमला हैरिटेज रेल ट्रैक पर यात्रियों की जान वीरवार को उस समय आफत में पड़ गई जब एक बड़ा पत्थर और मलबा चलती ट्रेन के सामने आकर गिरा। यह ट्रेन सुबह के समय कालका से शिमला की ओर जा रही थी। चालक ने सूझबूझ से ट्रेन को रोका और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पूरा दिन रेलवे विभाग रेलमार्ग को बहाल करने में जुटा रहा लेकिन शाम तक इसे बहाल नहीं किया जा सका था। वहीं ट्रेनों को वापस कालका भेज दिया गया है।

मंडी के भरौण में रेत से भरा टिप्पर खाई में गिरा, चालक की मौत
मंडी शहर के साथ स्थित भरौण में दुदर-मझवाड़ सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा बुधवार रात को 10 बजे के आसपास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनाें के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Lucknow Super Giants

Royal Challengers Bengaluru

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!