PM के ऑफिस पहुंचा सीमैंट उद्योगों का मामला, दिल्ली में राहुल गांधी से मिले CM सुक्खू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Edited By Vijay, Updated: 11 Feb, 2023 06:41 AM

himachal top 10 news

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी व जिला लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन हुआ है। प्रदेश में बंद पड़े 2 सीमैंट उद्योगों को मामला पीएम के ऑफिस पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। सिरमौर जिला के...

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी व जिला लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन हुआ है। प्रदेश में बंद पड़े 2 सीमैंट उद्योगों को मामला पीएम के ऑफिस पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। सिरमौर जिला के धौलाकुआं में पुलिस ने कार से चरस की बड़ी खेप बरामद की है। सीएम सुक्खू ने दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर सैंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर निर्माण का मामला उठाया। भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष कौन होगा, फिलहाल इसको लेकर संशय बना हुआ है। कुल्लू जिला के तहत मनाली के जगतसुख में रह रहे एक रशियन नागरिक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंडी जिला में पुलिस में एक पंजाब नंबर की टैक्सी में ले जाई जा रही चरस की खेप पकड़ी है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

पांगी व लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन, तिंदी-किलाड़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद
जिला चम्बा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में 2 अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन से 2 गांवों का संपर्क कट गया है। हालांकि हिमस्खलन से कोई जनहानि नहीं हुई है। उधर, लाहौल-स्पीति के तिंदी-किलाड़ सड़क मार्ग पर हिमस्खलन हो गया है। शुक्रवार शाम 3 बजे अचानक भारी मात्रा में हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है।

प्रधानमंत्री के ऑफिस पहुंचा हिमाचल में बंद पड़े 2 सीमैंट उद्योगों का विवाद
हिमाचल प्रदेश में 15 दिसम्बर, 2022 से बंद पड़े अम्बुजा व एसीसी सीमैंट संयंत्रों का विवाद प्रधानमंत्री के ऑफिस पहुंच गया है। अडानी ग्रुप के साथ वार्ता बेनतीजा रहने के बाद शुक्रवार को ट्रक ऑप्रेटर्स की संयुक्त कमेटी की बैठक बाघल लैंड लूजर के मीटङ्क्षग हाल में हुई। बैठक में संयुक्त कमेटी के सभी सदस्यों ने भाग लिया। इस विवाद को सुलझाने के लिए ट्रक ऑप्रेटरों ने 2 टीमों का गठन किया है, जिसमें एक टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा दूसरी टीम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से 13 फरवरी को मुलाकात करेगी।

दिल्ली में राहुल गांधी से मिले सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सत्ता व संगठन से जुड़े मसलों के साथ ही राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सुक्खू ने राहुल गांधी को अवगत कराया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पुरानी पैंशन योजना को बहाल करने का जो वायदा प्रदेश के कर्मचारियों से कांग्रेस ने किया था, उसे सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में ही पूरा कर दिया गया है।

सिरमौर के धौलाकुआं में कार से 9.824 किलोग्राम चरस बरामद
पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने एक कार से चरस की बड़ी खेप बरामद की है। तलाशी के दौरान गाड़ी से 9.824 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार विशेष अन्वेषण इकाई की टीम पांवटा साहिब हाईवे पर धौलाकुआं में मौजूद थी।

सीएम सुक्खू ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से उठाया सैंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर निर्माण का मामला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा मेंं स्थित सैंट्रल यूनिवर्सिटी के परिसर निर्माण का मामला केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समक्ष उठाया। नई दिल्ली में शिक्षा मंत्री से भेंट कर मुख्यमंत्री ने सैंट्रल यूनिवर्सिटी के परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।

कौन होगा भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष, संशय बरकरार
भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है, ऐसे में पार्टी आलाकमान की तरफ से मौजूदा अध्यक्ष के कार्यकाल को बढ़ाने या नया अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर जारी होने वाले आदेशों का इंतजार किया जा रहा है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप के कार्यकाल को यदि पार्टी आलाकमान लोकसभा चुनाव तक नहीं बढ़ाता तो उनके विकल्प के रूप में इस समय सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार का नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहा है, जो आरएसएस की पसंद भी बताए जा रहे हैं।

सुक्खू बोले-स्वदेश दर्शन योजना के तहत विकसित होंगे पौंग और जंजैहली
स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत कांगड़ा जिले के पौंग और मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से अनुमोदित सलाहकारी संस्था शीघ्र ही अपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों को भी स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अगले चरण में शामिल करने का आग्रह किया।

जगतसुख में रह रहे रशियन नागरिक ने लगाया फंदा
रशियन नागरिक नयकिता क्रायलोव ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार रशियन नागरिक नयकिता क्रायलोव अपनी प्रेमिका नामली अलीसा लाजरेवा के साथ 31 जनवरी को मनाली आया था तथा दोनों जगतसुख के एक होम स्टे में रह रहे थे। शुक्रवार को वह अपने कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला।

मंडी के बिंद्राबणी में पंजाब नंबर की टैक्सी से 4.234 किलोग्राम चरस बरामद
मंडी पुलिस ने बिंद्राबणी में लगाए नाके के दौरान 2 व्यक्तियों से 4 किलो 234 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुल्लू से मंडी की तरफ पंजाब नंबर की टैक्सी में 2 व्यक्ति सवार होकर आ रहे थे। बिंद्राबणी में नाके के दौरान पुलिस ने कार को तलाशी के लिए रोका तो उसमें से 4 किलो 234 ग्राम चरस बरामद हुई।

झुग्गियों में आग से जिंदा जले बच्चों के मामले में भूमि मालिक के खिलाफ मामला दर्ज
ऊना जिला के उपमंडल अम्ब के तहत बणे दी हट्टी में हुए अग्निकांड में जिंदा जले बच्चों के मामले में पुलिस ने आरोपी जमीन मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मौत का शिकार हुए बच्चों के पिता रमेश दास पुत्र बेचन दास निवासी गांव नंदापट्टी दरभंगा बिहार की शिकायत पर पुलिस ने भूमि मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बद्दी की एसआईयू टीम ने गाड़ी से पकड़ा 2.545 किलोग्राम गांजा
बद्दी पुलिस की एसआईयू टीम ने बरोटीवाला के तहत कुंजाहल में एक गाड़ी से नशीले पदार्थ गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी की एक व्यक्ति अपनी कार (HR-07-9997) में बद्दी एरिया में गांजा बेचने की फिराक में है। एसआईयू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार की तलाशी ली तो उसमें से 2 किलो 545 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

Related Story

Trending Topics

IPL
Lucknow Super Giants

Royal Challengers Bengaluru

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!