Edited By Vijay, Updated: 07 Apr, 2026 12:11 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इंदौरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 10 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है....
ठाकुरद्वारा (गगन): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इंदौरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 10 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात इंदौरा पुलिस की एक टीम चंगराड़ा के पास नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ऑल्टो कार (HP 38G-3964) वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका। जब पुलिस टीम ने वाहन की सघन तलाशी ली तो कार के डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखा गया 10 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशे की खेप और कार को जब्त कर लिया।
नशे की खेप के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान कमलदीप (कार चालक) निवासी लहरुं, तहसील फतेहपुर व जिला कांगड़ा और जितेन्द्र सिंह निवासी उपरला मोच, तहसील फतेहपुर व जिला कांगड़ा के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना इंदौरा में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें