Edited By Vijay, Updated: 09 May, 2026 08:11 PM

पालमपुर के राम चौक निवासी एक विवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव लाहला स्थित एक किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है।
पालमपुर (भृगु): पालमपुर के राम चौक निवासी एक विवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव लाहला स्थित एक किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया है।
मृतक के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इंकार किया है और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि शुभम ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी मौत के पीछे किसी का हाथ है। परिजनों का दावा है कि जिस अवस्था में शुभम का शव फंदे से लटका मिला, वह कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि फंदे पर लटके युवक की टांगें पीछे की ओर मुड़ी हुई थीं और शरीर पूरी तरह से नहीं लटका था। इसी आधार पर वे इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
परिजनों द्वारा जताए गए शक के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने उस व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मृतक शुभम की पत्नी से भी पूछताछ की है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी रोष है। मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शुक्रवार रात बड़ी संख्या में लोग पालमपुर पुलिस थाना पहुंच गए थे। शनिवार सुबह भी लोग थाना परिसर में एकत्रित रहे, जिसके चलते दिनभर थाने में गहमागहमी का माहौल बना रहा। लोग बार-बार पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगे थे, उस पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि आधिकारिक तौर पर पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल आगामी तफ्तीश जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें