Bilaspur: खड्ड में डूबा 16 वर्षीय छात्र, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jun, 2026 06:53 PM

ghumarwin student ravine

उपमंडल घुमारवीं के सकरोहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मणि खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा, डाकघर ननावा के रूप में हुई है।

घुमारवीं (जम्वाल): उपमंडल घुमारवीं के सकरोहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मणि खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा, डाकघर ननावा के रूप में हुई है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार अरमान सिंह शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह विद्यालय नहीं पहुंचा। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पता चला कि वह सकरोहा क्षेत्र में बहने वाली मणि खड्ड में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह खड्ड के गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ग्रामीणों ने खड्ड के विभिन्न हिस्सों में उसकी तलाश की लेकिन अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान ग्रामीणों की मदद से अरमान का शव खड्ड से बरामद कर लिया गया।

शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच, घटनास्थल के निरीक्षण तथा गवाहों के बयानों से प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि छात्र की मौत खड्ड में नहाने के दौरान डूबने से हुई है। मामले की आगामी जांच थाना घुमारवीं द्वारा की जा रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!