Edited By Kuldeep, Updated: 03 Aug, 2026 05:13 PM

बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं के क्षेत्र में 2 अलग-अलग मामलों में 232 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है तथा 3 आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला गया है।
घुमारवीं (जम्वाल): बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं के क्षेत्र में 2 अलग-अलग मामलों में 232 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है तथा 3 आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला गया है। पहले मामले में 2 अगस्त को बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम द्वारा बलोह फोरलेन लिंक रोड मल्यावर के पास यातायात चैकिंग के दौरान एक बस में सवार आरोपी रूबल (30) पुत्र यूनुस निवासी बटाला जिला गुरदासपुर, पंजाब के कब्जे से लगभग 122 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर घुमारवीं थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा गहन छानबीन की जा रही है।
वहीं दूसरे मामले में 2 अगस्त को बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम द्वारा बलोह फोरलेन लिंक रोड मंदरीघाट के पास यातायात चैकिंग के दौरान एक बस में सवार आरोपी नीरज कुमार (30) निवासी डैहर तहसील सुंदरनगर जिला मंडी तथा विकास (27) निवासी डैहर तहसील सुंदरनगर जिला मंडी के कब्जे से लगभग 110 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
इन दोनों मामलों में एक ही दिन में पुलिस द्वारा लगभग 232 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। दोनों मामलों में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि बरामदगी के साथ पूरे सप्लाई नैटवर्क को ध्वस्त करने पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।