Sirmaur: 2 जिंदगियां निगलने को तैयार थी उफनती नदी...फिर वायुसेना और रैस्क्यू टीम ने ऐसे पलट दी बाजी

Edited By Vijay, Updated: 02 Sep, 2026 01:32 PM

flood in river and rescued 2 people

सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश के चलते रूण नदी में अचानक आई बाढ़ ने भयानक रूप ले लिया। नाहन विकास खंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में नदी के उफान के बीच फंसे दो लोगों को बचाने के लिए कई घंटों तक चला एक सांस रोक देने वाला रैस्क्यू ऑप्रेशन आखिरकार सफल रहा।

नाहन (आशु): सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश के चलते रूण नदी में अचानक आई बाढ़ ने भयानक रूप ले लिया। नाहन विकास खंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में नदी के उफान के बीच फंसे दो लोगों को बचाने के लिए कई घंटों तक चला एक सांस रोक देने वाला रैस्क्यू ऑप्रेशन आखिरकार सफल रहा। वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से एक बुजुर्ग को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि उसे बचाने नदी में उतरे एक युवक को जलस्तर कम होने पर रैस्क्यू टीम ने बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार शाम बर्मा पापड़ी निवासी बुजुर्ग बनारसी दास पुत्र मुख्तयार सिंह अचानक बढ़े जलस्तर के कारण रूण नदी के बीचोंबीच फंस गए। चारों तरफ उफनता पानी देख इलाके में दहशत फैल गई। बुजुर्ग को मौत के मुंह में फंसा देख गांव के ही युवक अंशुल जोकि जल शक्ति विभाग में कार्यरत है, अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतर गया। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि बुजुर्ग तक पहुंचने के प्रयास में अंशुल भी नदी के बीच फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और रैस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। तेज बहाव के कारण रैस्क्यू टीम का नदी में उतरना असंभव था। बचाव दल ने ड्रोन के जरिए दोनों तक रस्सी पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और खराब मौसम के चलते यह प्रयास भी विफल रहा। स्थिति हाथ से निकलती देख स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने तुरंत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से संपर्क किया। मुख्यमंत्री के त्वरित निर्देश पर सेना से मदद मांगी गई। कुछ ही घंटों में सहारनपुर बेस से नाइट-विजन क्षमता वाला वायुसेना का एमआई-17 हैलीकॉप्टर मौके पर पहुंच गया।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि रात करीब 8:15 बजे वायुसेना के कमांडोज ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बुजुर्ग बनारसी दास को एयरलिफ्ट कर लिया। उन्हें सीधे सहारनपुर ले जाया गया, जहां आर्मी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। वहीं, रात करीब 9 बजे नदी का जलस्तर थोड़ा कम होने पर रैस्क्यू टीम ने कड़े संघर्ष के बाद युवक अंशुल को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के दौरान डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौके पर मौजूद रहे और रैस्क्यू अभियान की निगरानी की। ऑप्रेशन सफल होने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने फोन पर युवक अंशुल से बात कर उसका कुशलक्षेम जाना और उसकी बहादुरी की सराहना की।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!