Edited By Vijay, Updated: 12 Apr, 2026 06:50 PM

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कठिन पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मंदिर तक जाने वाले करीब 10 किलोमीटर लंबे पैदल रास्ते पर पहला गजिबो (वर्षा आश्रय स्थल) बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पालमपुर (भृगु): प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के कठिन पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मंदिर तक जाने वाले करीब 10 किलोमीटर लंबे पैदल रास्ते पर पहला गजिबो (वर्षा आश्रय स्थल) बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इंसाफ संस्था ने इसके लिए प्रस्तावना तैयार की थी तथा राज्यसभा सांसद इन्दु गोस्वामी ने इसके लिए सांसद निधि से धनराशि उपलब्ध करवाई है। वर्तमान में इस पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए एक भी रेन शैल्टर उपलब्ध नहीं था, जिससे बारिश या तेज धूप के दौरान यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
विदित रहे कि गर्मी के मौसम के साथ ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगती है, ऐसे में इस गजिबो का निर्माण यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा बनकर उभरेगा। लगभग 10,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित मंदिर के लिए जाने वाले रास्ते के लिए पूर्व में भी इन्साफ संस्था द्वारा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। विकास में जनसहयोग योजना के तहत अब तक लगभग 175 सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि 25 और लगाने का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा उबड़-खाबड़ रास्ते को सुगम बनाने के लिए श्रद्धालुओं से उनके नाम के संगमरमर के चक्के लगाने का आह्वान भी किया जाएगा।
पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने बताया कि इन्साफ संस्था के प्रयासों और इन्दु गोस्वामी के सहयोग से इस गजिबो निर्माण की पहल हुई है। पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने कहा कि यदि मंदिर प्रशासन और सरकार गंभीरता से पहल करें तो मंदिर के चढ़ावे से ही इसे माता वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर जिला कांगड़ा का बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें