Himachal: आंगन में छूट रहे थे पटाखे, तभी सुलगी पुरानी रंजिश की चिंगारी..., पति-पत्नी की गई जान

Edited By Vijay, Updated: 09 Nov, 2026 11:15 AM

crime in una

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंतर्गत आने वाले बदोली गांव में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंतर्गत आने वाले बदोली गांव में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में तब्दील हो गईं, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस गंभीर घटनाक्रम में धारदार हथियार के इस्तेमाल और तेज रफ्तार थार गाड़ी से परिवार के सदस्यों को कुचलने के संगीन आरोप सामने आए हैं। इस दर्दनाक घटना में एक दंपति की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद से पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बदोली निवासी केशव ठाकुर ने बताया कि 8 नवम्बर की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर परमजीत ने उसके सिर पर धारदार हथियार (दराट) से वार किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ हाथापाई की। शिकायत के घटनाक्रम में आगे यह भी आरोप लगाया गया है कि इस विवाद के बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उनकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।

दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष की तरफ से अजमेर सिंह निवासी बदोली ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में घटनाक्रम का बिल्कुल अलग विवरण दिया है। अजमेर सिंह का आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में सवार होकर उनके घर के मुख्य द्वार के बाहर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी सीधे परिवार के सदस्यों के ऊपर चढ़ा दी। इस भीषण टक्कर में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया। एक साथ पति-पत्नी की मृत्यु के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि बदोली गांव में दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिए हैं और साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!