Edited By Vijay, Updated: 29 Jul, 2026 01:36 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के लाहड़ के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 23 वर्षीय कीर्ति चडीगढ़ में रहकर वकालत की पढ़ाई कर रही थी। वह अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में शामिल होने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए अपने चाचा के साथ कार से...
चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के लाहड़ के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 23 वर्षीय कीर्ति चडीगढ़ में रहकर वकालत की पढ़ाई कर रही थी। वह अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में शामिल होने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए अपने चाचा के साथ कार से घर लौट रही थी। घर पर उसका छोटा भाई विशाल अपनी बहन का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। दोनों भाई-बहन ने मेले में घूमने और खरीदारी करने की कई योजनाएं बनाई थीं, लेकिन लाहड़ के पास हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।
8 साल पहले सड़क दुर्घटना ने छीन लिए थे पिता
बता दें कि करीब 8 साल पहले कीर्ति के पिता केसर सिंह की भी एक सड़क दुर्घटना में ही मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद घर और बच्चों की पूरी जिम्मेदारी कीर्ति की मां सुदर्शना के कंधों पर आ गई थी। पेशे से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुदर्शना ने सीमित आय और तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद हार नहीं मानी। उन्होंने अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकने दी।
वकील बनकर मां का सहारा बनना चाहती थी कीर्ति
कीर्ति बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल थीं। वह अपनी मां के संघर्षों को भली-भांति समझती थीं और भविष्य में एक सफल वकील बनकर अपने परिवार का नाम रोशन करना चाहती थीं। मां सुदर्शना का भी सपना था कि उनकी बेटी आत्मनिर्भर बने, लेकिन इस हादसे ने एक झटके में मां की बरसों की तपस्या और बेटी के सपनों को चकनाचूर कर दिया।
मां-भाई का रो-रोकर बुरा हाल
जिस बेटी के स्वागत के लिए घर में तैयारियां चल रही थीं, उसी बेटी का पार्थिव शरीर जब गांव पहुंचा तो हर किसी का कलेजा फट गया। हादसे की खबर मिलते ही पूरा गांव पीड़ित परिवार के घर उमड़ पड़ा। बच्चों को अकेले पालने वाली मां सुदर्शना और बहन का इंतजार कर रहे भाई विशाल का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक, हर किसी की आंखें नम हैं। लोगों का कहना है कि नियति ने इस परिवार को ऐसा घाव दिया है, जिसका भरना अब नामुमकिन है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें