Kangra News: केंद्रीय विश्वविद्यालय के 4 छात्रों का TGT Arts में चयन, अम्बेदकर उत्कृष्टता केंद्र की मेहनत लाई रंग

Edited By Vijay, Updated: 10 Jun, 2026 06:59 PM

4 students from central university in tgt arts

कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और सही मार्गदर्शन मिले, तो गरीबी और अभाव कभी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते। इसे सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के अम्बेदकर उत्कृष्टता केंद्र के चार होनहार विद्यार्थियों ने।

धर्मशाला (सुनील): कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और सही मार्गदर्शन मिले, तो गरीबी और अभाव कभी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते। इसे सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के अम्बेदकर उत्कृष्टता केंद्र के चार होनहार विद्यार्थियों ने। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा घोषित टीजीटी (आर्ट्स) के अंतिम परिणाम में इन चारों विद्यार्थियों का चयन हुआ है। खास बात यह है कि ये सभी विद्यार्थी हिमाचल के अत्यंत पिछड़े क्षेत्रों और बेहद गरीब व साधारण परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।

चयनित विद्यार्थियों में शालिनी (बैच 2025-26), अशोक कुमार (बैच 2025-26), महेंद्र कुमार (बैच 2025-26) और भीम सिंह (बैच 2022-23) शामिल हैं।  शालिनी मंडी जिले के गांव झीर की रहने वाली हैं। इनके पिता दीना राम एक हाइड्रो प्रोजैक्ट में प्राइवेट इलैक्ट्रिशियन के तौर पर काम करते हैं। अशोक कुमार चम्बा जिले के चुराह स्थित अत्यंत पिछड़े गांव शेड्यालु के निवासी हैं। इनके पिता केशरू खेती-बाड़ी कर परिवार पालते हैं। महेंद्र कुमार भी चम्बा के चुराह क्षेत्र के पिछड़े गांव मंडका से आते हैं। इनके पिता नारायण सिंह भी मूलतः एक साधारण किसान हैं। भीम सिंह पुत्र लाछो केंद्र के प्रथम बैच के छात्र हैं। यह भी चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र के दूरदराज गांव चहत्रारु के रहने वाले हैं। 

क्या है अम्बेदकर उत्कृष्टता केंद्र 
बता दें कि अम्बेदकर उत्कृष्टता केंद्र भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एक शानदार पहल है, जिसे वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित किया गया था। इस केंद्र में अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़े वर्ग के कुल 100 होनहार छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जाती है। इतना ही नहीं, पढ़ाई के खर्चे के लिए छात्रों को हर महीने 4000 रुपए का वजीफा भी प्रदान किया जाता है। इसी साल इस केंद्र से कोचिंग लेने वाले 4 विद्यार्थी टीजीटी (नॉन-मेडिकल) में भी चयनित हुए थे, और अब टीजीटी (आर्ट्स) में 4 और छात्रों के चयन ने केंद्र की गुणवत्ता पर मुहर लगा दी है।

कुलपति और शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों काे दी बधाई
गरीब परिवारों से आने वाले इन युवाओं की इस शानदार उपलब्धि पर पूरा विश्वविद्यालय परिवार गौरवान्वित है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल और अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. प्रदीप कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता इन युवाओं के कठिन परिश्रम, लगन और शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन का परिणाम है। यह अन्य प्रतियोगी छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि ये युवा भविष्य में समाज और शिक्षा जगत में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!