Edited By Vijay, Updated: 23 May, 2026 03:15 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सदर पुलिस की टीम ने बीती रात कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सदर पुलिस की टीम ने बीती रात कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना सदर पुलिस की टीम बीती रात क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पट्टा के समीप पुलिस ने नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। तभी वहां से गुजर रही एक कार (HP 29A-7980) को चैकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने जब शक के आधार पर वाहन की तलाशी ली, तो उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान 37 वर्षीय देवराज निवासी बिनौला, तहसील सदर व जिला बिलासपुर और 34 वर्षीय कपिल कुमार निवासी बैरी रजादियां व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने बताया कि सदर थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पता लगाया जा रहा है कि यह नशा कहां से लाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें