Edited By Vijay, Updated: 01 Jun, 2026 12:09 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बार फिर से भाजपा का झंडा बुलंद हुआ है। जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रचंड जीत हासिल की है।
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बार फिर से भाजपा का झंडा बुलंद हुआ है। जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रचंड जीत हासिल की है। जिले की कुल 36 जिला परिषद सीटों में से 25 सीटों पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है और उसके खाते में मात्र 4 सीटें ही आई हैं। इसके अलावा वामपंथी दल सीपीआई(एम) ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। इन पांच निर्दलीयों में 3 भाजपा के बागी, एक कांग्रेस की बागी और एक अन्य निर्दलीय शामिल हैं।
कौल सिंह और महेंद्र सिंह की बेटियां चुनाव हारीं
इन चुनावों की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली विशेषता यह रही कि जनता ने राजनीतिक घरानों से ताल्लुक रखने वाले कई दिग्गज नेताओं के परिजनों को सिरे से नकार दिया। मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर को कोटली वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया भी टिहरा वार्ड से अपना चुनाव हार गईं। दिग्गजों की हार का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, सराज से कांग्रेस के प्रमुख नेता चेत राम ठाकुर के बेटे तरुण ठाकुर को भी ब्रयोगी वार्ड से हार का मुंह देखना पड़ा है।
भाजपा के इन प्रत्याशियों को मिली जीत
प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली भाजपा के 25 अधिकृत विजेता प्रत्याशियों ने विभिन्न वार्डों में शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें वार्ड 2 (बथेरी) से रोशन लाल, वार्ड 3 (नेर घरवासड़ा) से बिंदु बाला, वार्ड 6 (नगवाईं) से विद्या देवी, वार्ड 7 (स्योग) से धर्मपाल ठाकुर और वार्ड 8 (कटौला) से दीपक कुमार शर्मा शामिल हैं। इसी कड़ी में वार्ड 9 (थाची) से बोदी देवी, वार्ड 10 (बासा) से पदमा देवी, वार्ड 11 (मझोठी) से इंद्र देव, वार्ड 12 (रोड़) से शिव चंद और वार्ड 13 (ब्रयोगी) से रोहित कुमार ने भाजपा का परचम लहराया है।
भाजपा की जीत के इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए वार्ड 14 (नौण) से टिक्कम सिंह, वार्ड 15 (चुराग) से शकुंतला देवी, वार्ड 16 (लोअर करसोग) से अनिता देवी, वार्ड 17 (सराहन) से नोमलता, वार्ड 18 (सांवीधार) से कमल सिंह, वार्ड 19 (डैहर) से रोशन लाल और वार्ड 21 (खिलड़ा) से अमरू राम ने भी भारी मतों से विजय प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, वार्ड 23 (कोट बल्ह) से प्रेम सिंह, वार्ड 25 (बैहल) से संजय कुमार रावत, वार्ड 27 (कोट गोपालपुर) से सुष्मिता शर्मा, वार्ड 30 (सदयाणा) से परस राम, वार्ड 31 (कोटली) से हेमलता, वार्ड 32 (सरी) से रीना देवी, वार्ड 33 (नवाही) से श्याम लाल तथा वार्ड 35 (सोहर) से अंजना कुमारी ने भाजपा के टिकट पर अपनी जीत सुनिश्चित की है।
कांग्रेस के ये 4 उम्मीदवार जीते
वहीं, कांग्रेस की बात करें तो पार्टी की ओर से केवल 4 उम्मीदवार ही जीत का स्वाद चख सके। इनमें वार्ड 20 (सलापड़) से मोहित ठाकुर, वार्ड 26 (लोअर रिवालसर) से पवन कुमार, वार्ड 29 (थौना) से अंजनी देवी और वार्ड 34 (टिहरा) से अनिता कुमारी शामिल हैं। सीपीआईएम के खाते में गई दो सीटों पर वार्ड 1 (भडयाडा) से कुशाल भारद्वाज और वार्ड 5 (कुफरी) से शिवानी ठाकुर ने जीत हासिल कर अपनी पार्टी का खाता खोला है।
बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर गौर करें तो, भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जिनमें वार्ड 4 (डलाह) से चंपा देवी, वार्ड 24 (गोड़ा गागल) से डिम्पल कुमार सैनी और वार्ड 28 (भाम्बला) से अभिलाषा ठाकुर विजयी रही हैं। कांग्रेस से बगावत करने वाली उम्मीदवार किरणा कुमारी ने भी वार्ड 22 (महादेव) से जीत हासिल की है। इनके अलावा, वार्ड 36 (लांगणा) से राखी शर्मा ने एकमात्र विशुद्ध निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर अपना परचम लहराया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें