Himachal: कांगड़ा के इंदौरा में 70 लाख रुपए की हैरोइन बरामद, 19 साल का तस्कर गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 04 Sep, 2026 04:50 PM

youth arrested with heroin

हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त प्रदेश अभियान के तहत कांगड़ा जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीआईए विंग ने इंदौरा के उलैहड़ियां क्षेत्र में एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ एक 19...

इंदौरा (अजीज): हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त प्रदेश अभियान के तहत कांगड़ा जिले की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीआईए विंग ने इंदौरा के उलैहड़ियां क्षेत्र में एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पकड़ी गई नशे की इस खेप की कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 3 सितम्बर को सीआईए विंग की टीम डमटाल, इंदौरा और मिलवां क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी बीच पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि जालंधर-जम्मू (वाया पठानकोट) राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से उलैहड़ियां की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (PB 07R-6786) खड़ी पाई गई। जब पुलिस ने नियमानुसार मोटरसाइकिल की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की के अंदर एक पारदर्शी पॉलीथिन में छिपाकर रखा गया चिट्टा (हैरोइन) बरामद हुआ। इलैक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर मादक पदार्थ की मात्रा 260 ग्राम पाई गई।

पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ, मोटरसाइकिल और अन्य संबंधित साक्ष्यों को जब्त कर आरोपी युवक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संजू कुमार (19) पुत्र मंजीत कुमार निवासी गांव तमौता, डाकघर उलैहड़ियां, तहसील इंदौरा व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

महज 19 साल के युवक के पास से 70 लाख रुपए का नशा मिलना पुलिस के लिए भी चिंता का विषय है। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नैटवर्क की सप्लाई चेन खंगालने में जुट गई है। आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड्स और संभावित संपर्कों (बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज) की जांच की जा रही है, ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य सफेदपोश तस्करों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!