Edited By Jyoti M, Updated: 14 Apr, 2026 11:28 AM

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्लर के डाबर गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्लर के डाबर गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सूने घर का फायदा उठाकर वारदात
यह घटना संदीप चौधरी के घर में हुई। बताया जा रहा है कि वारदात के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। घर को खाली पाकर अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इत्मीनान से चोरी की। संदीप चौधरी ने घटना की सूचना पंचायत के पूर्व उपप्रधान दीपक ठाकुर को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
क्या-क्या ले गए चोर?
जब मकान मालिक घर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर नकदी लगभग 1 लाख रुपये, कांसे की 6 थालियां, 6 गिलास, 6 कटोरियां और 3 परात और घर का अन्य कीमती घरेलू सामान ले उड़े हैं।
सबूत मिटाने के लिए DVR भी ले गए
चोर काफी शातिर थे। उन्होंने पकड़े जाने के डर से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय कर दिया। इतना ही नहीं, वे अपने साथ कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर (DVR) भी उखाड़ कर ले गए, ताकि पुलिस को कोई फुटेज न मिल सके।
पुलिस की कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।