Edited By Kuldeep, Updated: 03 Jun, 2026 07:58 PM

हिमाचल प्रदेश में जून की शुरूआत भीषण गर्मी से राहत लेकर तो आई है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए आंधी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी कर दिया है।
शिमला (सांतोष): हिमाचल प्रदेश में जून की शुरूआत भीषण गर्मी से राहत लेकर तो आई है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए आंधी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 9 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 4 जून कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी अंधड़ (40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा), ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का ऑरैंज अलर्ट, जबकि चम्बा जिले के लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 जून को यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 6 जून को भी यैलो अलर्ट रहेगा और चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में मौसम खराब रहेगा। 7 से 9 जून तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी व मैदानी दोनों क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा।
मैदानों में पारा चढ़ा, मंडी-भुंतर में बरसे बादल
बुधवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिला। जहां पहाड़ी इलाकों में बादल छाए रहे, वहीं मैदानी इलाकों के तापमान में थोड़ा उछाल दर्ज किया गया। बुधवार को मंडी शहर में झमाझम वर्षा दर्ज की गई और यहां 8 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि कुल्लू के भुंतर में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई है। रोहड़ू (शिमला) में 30, राजगढ़ (सिरमौर) में 20, मनाली में 6, मुरारी देवी में 6, जोगिंद्रनगर में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि शिमला, कांगड़ा और मुरारी देवी में भारी बिजली कड़कने की घटनाएं हुईं, जबकि ताबो और सुंदरनगर में तेज धूल भरी हवाएं चली। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी 4.6 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा ताबो में 6.2, केलांग में 6.3 और कल्पा में 10.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को नेरी में अधिकतम तापमान 37.4, ऊना में 35.6 व राजधानी शिमला में 26 डिग्री रिकार्ड किया गया।