Weather Update: प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा व बर्फबारी, यैलो अलर्ट जारी

Edited By Kuldeep, Updated: 01 Jun, 2026 09:56 PM

shimla weather bad

हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों और ऊंची चोटियों पर जहां हल्का हिमपात दर्ज किया गया है, वहीं मध्य व मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ कई जगह झमाझम बारिश हुई है।

शिमला (संतोष): हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों और ऊंची चोटियों पर जहां हल्का हिमपात दर्ज किया गया है, वहीं मध्य व मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ कई जगह झमाझम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 10 डिग्री सैल्सियस तक नीचे लुढ़क गया है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल बरसने से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। सोमवार को शिमला में 12, कल्पा में 1.8, सोलन में 6.8, जुब्बड़हट्टी में 12.8, कुफरी में 12 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि धर्मशाला में बूंदाबांदी हुई। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री व राजधानी शिमला में 23.6 डिग्री रहा। इससे पूर्व राज्य में पिछले 24 घंटों में सराहन में 34, कल्पा में 24.6, सांगला में 17.4, ददाहू में 11.2, धौलाकुआं में 11, पूह में 10.4, जाटों बैराज में 10.2, पांवटा साहिब में 8.4, ताबो में 7, कोकसर में 6.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा व बर्फबारी, कल से रहेगा यैलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 2 जून को राज्य के कुछ गिने-चुने स्थानों पर ही हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 3 जून को मौसम फिर करवट बदलेगा और यैलो अलर्ट शुरू होगा। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/हिमपात के आसार हैं। 4 जून के दिन सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। राज्य के अधिकांश स्थानों पर झमाझम बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है। 5 और 6 जून को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा और प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश व हिमपात का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

पर्यटकों ने ली राहत की सांस
हिमाचल में करवट बदलते मौसम और मैदानी इलाकों में हुई झमाझम बारिश से फिजा में ठंडक घुल गई है। मैदानी राज्यों की भीषण और झुलसाने वाली गर्मी से निजात पाने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे पर्यटकों के लिए यह मौसम किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रहा है। शिमला, मनाली और कुल्लू पहुंचे सैलानी इस सुहावने और कूल-कूल मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। मालरोड और ऐतिहासिक रिज मैदान पर पर्यटकों की भारी चहल-पहल देखी जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बीच सैलानी मौसम का आनंद ले रहे हैं और यहां के बदले मिजाज से बेहद गदगद हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!