Edited By Kuldeep, Updated: 02 Sep, 2026 09:21 PM

कालका-शिमला रेलमार्ग पर गुमान-टक्सान के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे से मिट्टी बहने के कारण रेल यातायात प्रभावित होने के बीच रेलवे प्रबंधन ने फिलहाल शिमला-धर्मपुर के बीच एक ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है।
शिमला (अभिषेक): कालका-शिमला रेलमार्ग पर गुमान-टक्सान के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे से मिट्टी बहने के कारण रेल यातायात प्रभावित होने के बीच रेलवे प्रबंधन ने फिलहाल शिमला-धर्मपुर के बीच एक ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 52453/52454 को शिमला-धर्मपुर के बीच चलाने को लेकर रेलवे प्रबंधन की ओर से मंजूरी मिल गई है। ट्रेन का संचालन 4 सितम्बर (शुक्रवार) से शुरू होगा। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल कार्यालय की ओर से बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इस ट्रेन की समयसारिणी भी जारी कर दी गई है।
यह ट्रेन धर्मपुर से सुबह 7.50 बजे रवाना होगी और सुबह 11.50 बजे शिमला पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन शिमला से शाम 5.45 बजे शिमला से रवाना होकर रात 9.11 बजे धर्मपुर पहुंचेगी। यहां बता दें कि गुमान-टक्सान के बीच किलोमीटर 07/16-17 पर ब्रिज नंबर 57 के आसपास मिट्टी बह जाने के कारण शिमला-कालका के बीच ट्रेनों को 11 सितम्बर तक रद्द किया गया है।
शिमला-धर्मपुर के बीच ट्रेन के संचालन की तैयारियों के तहत वीरवार को ट्रेन संख्या 52453 की खाली कोचिंग रेक दोपहर 2 बजे शिमला से धर्मपुर के लिए रवाना की जाएगी। रेक में कुल 7 कोच होंगे, जिसमें एक जीएसआर, दो जीएस, एक एफसीएस, एक एफसी, एक सीटी और एक एसएलआर शामिल होंगे। रेलवे ने ट्रेन के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक क्रू, ट्रेन मैनेजर और शंटर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।