विधानसभा : किसानों को जबरन नैनो यूरिया प्लस देने पर हंगामा, पक्ष-विपक्ष में तीखी नोक-झोंक

Edited By Kuldeep, Updated: 31 Aug, 2026 07:50 PM

shimla farmers nano urea plus

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में किसानों को खाद के साथ जबरन 225 रुपए की नैनो यूरिया प्लस बोतल दिए जाने के मुद्दे पर हंगामा हुआ तथा पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोक-झोंक हुई।

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा में किसानों को खाद के साथ जबरन 225 रुपए की नैनो यूरिया प्लस बोतल दिए जाने के मुद्दे पर हंगामा हुआ तथा पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। सदन में कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने नियम-62 के तहत इस विषय को उठाया। उन्होंने इस दौरान कुछ ऐसी टिप्पणियां भी की जो विपक्षी सदस्यों को रास नहीं आई। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा की तरफ से इस पर आपत्ति जताए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रणधीर शर्मा के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की तरफ से इशारा करते हुए कहा कि विपक्ष को जिन शब्दों पर आपत्ति है, उसको कार्यवाही से हटाए जाने के संदर्भ में निर्णय लेंगे।

इससे पहले अपने विषय को उठाते हुए भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि इफको की तरफ से नैनो यूरिया प्लस खाद के साथ हिमफैड के माध्यम से किसानों को देने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उन्होंने इसको लेकर विधानसभा की समिति गठित करने की मांग की। उनकी तरफ से उठाए मामले का जवाब देते हुए कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि किसानों को खाद के साथ जबरन नैनो यूरिया प्लस देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस संदर्भ में इफको की तरफ से जारी पत्र का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खाद के साथ नैनो यूरिया प्लस की खरीद करना किसान की मर्जी है पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से भी इस बारे में उचित निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि सोसायटियों के माध्यम से किसानों को इसके लिए बाध्य नहीं किया जा सके।

रणधीर-भवानी के बीच नोक-झोंक
नियम-62 के तहत अगला विषय भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने उठाए जाने से पहले कार्यवाही में आई कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। इस विषय पर उनकी कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया के साथ नोक-झोंक भी हुई। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि यदि सरकार को इसमें कुछ गलत नजर आता है तो एसआईटी गठित करके इसकी जांच की जानी चाहिए।

नियम-62 में विषय लंबा नहीं खींच सकते : पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायक भवानी सिंह पठानिया की तरफ से उठाए गए विषय को लेकर विपक्ष की तरफ से स्पष्टीकरण मांगे जाने की मांग को खारिज किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे तो किसी अन्य नियम के तहत इस विषय पर चर्चा कर सकता है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!