Himachal: पिता के नक्शेकदम पर चलकर बेटी ने भरी सफलता की उड़ान, वायुसेना में बनी फ्लाइट लैफ्टिनैंट

Edited By Vijay, Updated: 14 Jul, 2026 11:40 AM

sharnya dogra became flight lieutenant in iaf

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की होनहार बेटी डॉ. शरण्या डोगरा ने अपनी सफलता से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुजानपुर के भलेठ गांव की मूल निवासी शरण्या ने अपने पिता एयर कमोडोर राजेश डोगरा के नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय वायुसेना में फ्लाइट...

नादौन (जैन): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की होनहार बेटी डॉ. शरण्या डोगरा ने अपनी सफलता से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुजानपुर के भलेठ गांव की मूल निवासी शरण्या ने अपने पिता एयर कमोडोर राजेश डोगरा के नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय वायुसेना में फ्लाइट लैफ्टिनैंट कमीशन हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सैन्य परंपरा को न सिर्फ आगे बढ़ाया है, बल्कि परिवार की तीसरी पीढ़ी की प्रथम महिला सैन्य अधिकारी बनने का अनूठा गौरव भी हासिल किया है।

प्रतिष्ठित सैन्य परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद दिल्ली के रजोकड़ी में उन्हें कमीशन मिला है, जिसके उपरांत उनकी तैनाती वायुसेना की मेडिकल कोर में की गई है। शरण्या के पिता राजेश डोगरा ने बताया कि उनकी बेटी की शुरूआती शिक्षा एयरफोर्स के विभिन्न स्कूलों और केंद्रीय विद्यालय से पूरी हुई है। विदेश से एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद शरण्या ने एक साल पहले ही टांडा मेडिकल कॉलेज से अपनी इंटर्नशिप पूरी की थी। वायुसेना में कमीशन मिलने से ठीक पहले वह धर्मशाला के जोनल अस्पताल स्थित हंस फाऊंडेशन के डायलिसिस सैंटर में बतौर मेडिकल ऑफिसर अपनी सेवाएं दे रही थीं।

शरण्या को देशसेवा का जज्बा जहां उनके पिता से मिला, वहीं डॉक्टर बनने की प्रेरणा उन्हें अपने ननिहाल से मिली। उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में जाने के लिए उनके मामा एवं प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश गुलेरी, प्रसिद्ध लेखक रहे स्वर्गीय नाना पीयूष गुलेरी और नानी इंदिरा गुलेरी ने प्रेरित किया। अपनी लाडली की इस कामयाबी पर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। शरण्या के दादा जीवानंद डोगरा और ताया चंद्र दीप डोगरा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज उन्हें अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बहुत गर्व है।

हमीरपुर की इस बेटी की सफलता की गूंज राज्य सरकार तक भी पहुंची है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डॉ. शरण्या को उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर विशेष तौर पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि डॉ. शरण्या डोगरा ने अपनी मेहनत से पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है और उनका यह सफर निश्चित रूप से प्रदेश की अन्य सभी बेटियों के लिए एक मजबूत प्रेरणा स्रोत बनेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!