Edited By Kuldeep, Updated: 23 Apr, 2026 05:08 PM

ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल के लोगों द्वारा घरों के आसपास तेंदुआ देखा गया।
संसारपुर टैरस (अरविंद): ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल के लोगों द्वारा घरों के आसपास तेंदुआ देखा गया। बढ़ाल गांववासियों विपन, रमेशचंद, अनिल, अजय व विनोद ने बताया कि लगभग दो महीने पहले बढ़ाल में तेंदुआ घरों के आसपास देखा गया व स्थानीय युवकों ने वनकर्मियों की सहायता से कुछ दिन रात को घरों के आसपास की लाइटें जगाकर रखीं व रात को शोर मचाने के बाद तेंदुआ घरों के आसपास नहीं आया। वहीं रविवार को तेंदुए ने घरों के समीप लगते जंगल में चराने के लिए छोड़ी गई विपिन कुमार की गाय को अपना शिकार बना लिया।
परिवार दिन रात गाय को ढूंढता रहा क्योंकि घर में गाय का डेढ़ महीने का बच्चा भी था परन्तु वीरवार को गाय जंगल में मरी पाई गई जिसे तेंदुआ जंगल किनारे सड़क से खींच कर जंगल तक ले गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेंदुआ घरों के आसपास घूम रहा है व उनके पशुओं को मारने लगा है व तेंदुए को पकड़ा जाए। रेंज अधिकारी डाडासीबा राजेश कुमार ने कहा कि तेंदुए को भगाने के लिए वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है व जरूरत पड़ी तो तेंदुए को पकड़ने के लिए जाला भी लगाया जाएगा ।